प्रयागराज: 100 बेड के आयुष अस्पताल के लिए जल्द मिलेगी जमीन, सीडीओ ने दिए सख्त निर्देश


किराये के भवनों में चल रहे आयुर्वेदिक अस्पतालों को मिलेगा अपना आशियाना; जिला आयुष समिति की बैठक में हुआ फैसला

प्रयागराज। विद्रोही सामना संवाददाता: जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के मार्गदर्शन और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को संगम सभागार में जिला आयुष समिति शासी निकाय की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में आयुष विभाग की स्वास्थ्य योजनाओं को धरातल पर उतारना और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना रहा।

100 बेड के एकीकृत अस्पताल के लिए भूमि की व्यवस्था

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर जोर देते हुए 100 बेड के एकीकृत आयुष चिकित्सालय के निर्माण हेतु भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिले में प्रस्तावित 25 बेड के राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय के लिए भी शीघ्र भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।

किराये के भवनों से मिलेगी मुक्ति

वर्तमान में जिले के कई राजकीय आयुष चिकित्सालय किराये के भवनों में संचालित हो रहे हैं। सीडीओ ने क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को निर्देशित किया कि ऐसे सभी चिकित्सालयों के लिए भवन निर्माण हेतु भूमि के प्रस्ताव संबंधी पत्रावली तत्काल तैयार कर प्रक्रिया में लाई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विभाग की सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य योजनाओं का क्रियान्वयन समय सीमा के भीतर होना चाहिए।

बैठक में इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

संगम सभागार में आयोजित इस बैठक में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. नवीन सोनी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. सीमा अग्रवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) डॉ. एच.के. मिश्रा, परियोजना निदेशक (ग्रामीण विकास), जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और सूचना अधिकारी युवराज सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now