डीग।अमरदीप सेन। नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत संविदा कार्मिकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार सुबह करीब 10:15 बजे, बड़ी संख्या में संविदा कर्मियों ने खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMO) डॉ. रामावतार शर्मा से मुलाकात की और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से कार्मिकों ने वर्ष 2025-26 के लिए प्रस्तावित 5 प्रतिशत मानदेय अभिवृद्धि (इंक्रीमेंट) को तत्काल प्रभाव से लागू करने की पुरजोर मांग की। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से मानदेय वृद्धि लंबित होने के कारण उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बढ़ती महंगाई के दौर में बिना इंक्रीमेंट के घर चलाना मुश्किल हो रहा है, जिससे संविदा कर्मियों में मानसिक असंतोष बढ़ रहा है।
कार्मिकों ने चेतावनी भरे लहजे में प्रशासन से अनुरोध किया कि यदि उनके मनोबल को बनाए रखना है और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रखना है, तो इस वृद्धि को जल्द लागू किया जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुकेश दीक्षित, बृज बिहारी जादौन सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य संविदा कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।