डीग।अमरदीप सेन। भारत की आगामी जनगणना 2027 के महाअभियान का प्रथम चरण डीग जिले में उत्साह के साथ शुरू हो गया है। शुक्रवार को मास्टर आदित्येन्द्र कॉलेज, डीग में आयोजित एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर के दौरान जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने स्वयं की स्व-गणना (Self-Enumeration) ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर इस राष्ट्रीय कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी बने, जिन्होंने कलेक्टर के साथ ही अपनी स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण की।
प्रशिक्षण शिविर और डिजिटल पहल जनगणना कार्य की जटिलता और डिजिटल पोर्टल की कार्यप्रणाली को समझाने के लिए आयोजित इस शिविर में जिले के सभी उपखंड जनगणना अधिकारियों और चार्ज अधिकारियों ने भाग लिया। जिला कलेक्टर ने दीप प्रज्वलित कर शिविर की शुरुआत की और कहा कि इस बार जनगणना को अत्यधिक आधुनिक और पारदर्शी बनाया गया है। पोर्टल की बारीकियों को लेकर अधिकारियों को तकनीकी जानकारी दी गई ताकि वे धरातल पर प्रगणकों का मार्गदर्शन कर सकें।
ऑनलाइन स्व-गणना: 1 से 15 मई तक का समय जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने जिलेवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्व-गणना की सुविधा आमजन के लिए वरदान है। नागरिक 1 मई से 15 मई 2026 तक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इसके बाद 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकान सूचीकरण का कार्य करेंगे। यदि नागरिक पहले ही स्व-गणना कर लेते हैं, तो उन्हें केवल 11 अंकों की आईडी प्रगणक को देनी होगी, जिससे समय और श्रम दोनों की बचत होगी।
कैसे करें ऑनलाइन पंजीकरण? कलेक्टर ने प्रक्रिया को स्पष्ट करते हुए बताया कि पोर्टल पर नागरिक सबसे पहले अपने राज्य (राजस्थान) का चुनाव करेंगे। पंजीकरण के लिए परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर अनिवार्य है। ओटीपी (OTP) के माध्यम से सत्यापन के बाद, नागरिकों को अपने पते की सटीक जानकारी देनी होगी। पोर्टल पर एक विशेष मानचित्र (Map) की सुविधा दी गई है, जहाँ लाल मार्कर के जरिए अपने घर की सही लोकेशन मार्क करना अनिवार्य है।
सावधानी और सहयोग की अपील प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फाइनल सबमिट करने से पहले पूर्वावलोकन (Preview) स्क्रीन पर सभी जानकारियों की जांच अवश्य कर लें, क्योंकि अंतिम सबमिट के बाद किसी भी प्रकार का संशोधन संभव नहीं होगा। सफल पंजीकरण के बाद प्राप्त ‘H’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की स्व-गणना आईडी को संभाल कर रखें। कलेक्टर ने अंत में कहा, “जनगणना केवल आंकड़ों का खेल नहीं है, बल्कि यह हमारे देश के भविष्य, विकास की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं का मुख्य आधार है। अतः डीग का प्रत्येक नागरिक इसमें ईमानदारी और सक्रियता से भागीदारी निभाए।”