साधारण परिवार से आईपीएस बनने तक का सफर किया साझा; सोशल मीडिया से दूरी और लक्ष्य पर फोकस की दी सलाह
बहज (डीग)। (अमरदीप सैन) पीएम श्री श्रीमती शीला जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बहज में मंगलवार की सुबह बेहद खास रही। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) शरण गोपीनाथ कांबले सुबह 8 बजे विद्यालय पहुंचे और छात्रों को संबोधित किया। स्कूल पहुंचने पर प्रधानाचार्य मुकुट बिहारी शर्मा और शिक्षकों ने एसपी का साफा और दुपट्टा पहनाकर भव्य स्वागत किया।
संघर्ष से सफलता की कहानी
अपने संबोधन में एसपी कांबले ने अपने जीवन के प्रेरक अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे एक बेहद साधारण परिवार से आते हैं। उन्होंने कहा कि बचपन में उनके गांव के लोग उन्हें बड़ा अधिकारी बनने के लिए प्रेरित करते थे और उसी प्रेरणा को उन्होंने अपनी शक्ति बनाया। कांबले ने छात्रों से कहा, “मैंने छोटी उम्र में कई बड़ी चुनौतियों का सामना किया है, लेकिन दृढ़ संकल्प और मन लगाकर की गई पढ़ाई ने मुझे आज इस मुकाम तक पहुंचाया है।”
साइबर क्राइम और सोशल मीडिया पर सतर्कता
तकनीकी दौर में छात्रों के भविष्य को लेकर चिंता जताते हुए एसपी ने उन्हें सोशल मीडिया से दूरी बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जब तक आपका लक्ष्य पूरा न हो जाए, इंटरनेट की चकाचौंध से दूर रहें। साथ ही उन्होंने छात्रों को साइबर क्राइम से बचने के महत्वपूर्ण तरीके भी बताए और जागरूक रहने को कहा।
छात्रों के सवालों के दिए जवाब
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने जिला पुलिस अधीक्षक से कई सवाल-जवाब किए। एसपी ने बच्चों के बीच बैठकर उनकी जिज्ञासाओं को शांत किया और उन्हें विस्तार से बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पढ़ाई किस तरह करनी चाहिए। स्कूल के प्रधानाचार्य मुकुट बिहारी शर्मा ने बताया कि विद्यालय में छात्राओं के सर्वांगीण विकास और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाता है।
इस अवसर पर उप प्राचार्य कुलदीप सिंह, व्याख्याता पहलाद सिंह, दीपक वर्मा, भवानी शंकर, चेतन गौड़, पूनम शर्मा, सहित समस्त स्टाफ, गिरदावर रौदान सिंह और पुलिस जाब्ता मौजूद रहा।