पुलिस उपाधीक्षक सीताराम बैरवा ने किया संवाद; कविता के माध्यम से साहित्यकारों ने दी यातायात नियमों की जानकारी
अऊ (डीग)। (अमरदीप सैन) भरतपुर रेंज आईजी कैलाश चंद्र विश्नोई के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘जीवन रक्षा सड़क सुरक्षा अभियान’ के तहत बुधवार को डीग के अऊ गाँव में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस उपाधीक्षक सीताराम बैरवा के सुपरविजन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों को सड़क दुर्घटनाओं से बचने और यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया।
31 मई तक चलेगा विशेष जन जागरूकता अभियान
सीओ सीताराम बैरवा ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए बताया कि जिले के प्रत्येक थाना क्षेत्र में 4 मई से 31 मई तक यह सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत पुलिस द्वारा गोद लिए गए गाँवों में जाकर आमजन को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने सड़क सुरक्षा के नियमों और उनके फायदों के बारे में विस्तार से चर्चा की।
हेलमेट और सीटबेल्ट को बनाएं जीवन का हिस्सा
सदर थाना प्रभारी विजय सिंह मीणा ने गोद लिए गाँव अऊ के निवासियों से अपील की कि वे वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग कतई न करें। उन्होंने हेलमेट और सीटबेल्ट की अनिवार्यता पर जोर देते हुए शराब पीकर या ओवरस्पीड में गाड़ी न चलाने की समझाइश की। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अच्छी गुणवत्ता वाला हेलमेट खरीदने का भी आग्रह किया।
साहित्य और कविता के माध्यम से जागरूकता
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण स्थानीय वरिष्ठ साहित्यकार सुरेंद्र सार्थक और कवि चंद्रभान शर्मा ‘चंचल’ रहे। उन्होंने अपनी कविताओं और ओजस्वी वाणी के माध्यम से आपदा प्रबंधन और सड़क सुरक्षा की जानकारी दी, जिसे ग्रामीणों ने खूब सराहा। इस दौरान सदर थाना अंतर्गत चौकी प्रभारी राकेश कुमार शर्मा, स्थानीय पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।