राष्ट्रहित में अनूठी पहल: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के साथ अन्य अधिकारी भी पैदल निकले, आमजन से की ईंधन संरक्षण की अपील
नैनीताल (ललित जोशी)। वैश्विक स्तर पर ऊर्जा संकट और ईंधन संसाधनों पर बढ़ते दबाव को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टीसी ने एक बेहद प्रेरणादायी मिसाल पेश की है। एसएसपी ने राष्ट्रहित में ईंधन संरक्षण का संदेश देने के लिए अपने सरकारी वाहन का त्याग कर मोटरसाइकिल से क्षेत्र भ्रमण और कार्यालय जाने का निर्णय लिया।
एसएसपी की अपील: “छोटे वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का करें उपयोग”
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्वयं बड़े वाहनों का प्रयोग सीमित करते हुए आमजन से भी अपील की है कि वे दैनिक कार्यों के लिए सार्वजनिक परिवहन, कार-पूलिंग या पैदल चलने की आदत डालें। उनके इस कदम का असर महकमे में भी देखने को मिला, जहाँ कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी पैदल चलकर अपने गंतव्य तक पहुँचे।
पर्यावरण और राष्ट्रहित के लिए जरूरी कदम
एसएसपी नैनीताल ने बताया कि छोटी-छोटी सावधानियां भविष्य में बड़े सकारात्मक परिणाम ला सकती हैं। ईंधन की बचत न केवल आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रीय संसाधनों की सुरक्षा के लिए भी अनिवार्य है।
पुलिस विभाग को दिए निर्देश
नैनीताल पुलिस द्वारा विभाग के भीतर भी अधिकारियों और कर्मचारियों को अनावश्यक वाहन उपयोग से बचने और ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूक रहने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी की इस पहल की शहर भर में चर्चा हो रही है और इसे एक सकारात्मक ‘जन-आंदोलन’ के रूप में देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें:
District Correspondent (Print & Electronic Media), Nainital, Uttarakhand