स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जाय


अपर नगर मजिस्ट्रेट जूही प्रसाद ने अस्पताल के विभिन्न विभागों, साफ-सफाई, मरीज सुविधाओं और स्टाफ की उपस्थिति की जांच की।

प्रयागराज | स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल का औचक निरीक्षण बुधवार को अपर नगर मजिस्ट्रेट (चतुर्थ) जूही प्रसाद द्वारा किया गया। उन्होंने सुबह करीब 10 बजे स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय पहुंचकर अस्पताल की व्यवस्थाओं, चिकित्सकों एवं स्टाफ की उपस्थिति, मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर मजिस्ट्रेट ने अस्पताल के विभिन्न विभागों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने डेंटल सर्जरी, रेडियोलॉजी, कार्डियोलॉजी, एनेस्थीसिया, सामान्य सर्जरी, आर्थोपेडिक, मेडिसिन, गायनिक, गैस्ट्रोलॉजी, ईएनटी, टीडी बेस्ट और पीएमएसएसवाई सहित अन्य विभागों में तैनात चिकित्सकों एवं स्टाफ की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया।

अधिकांश चिकित्सक और स्टाफ ड्यूटी पर मिले उपस्थित

निरीक्षण के दौरान अधिकांश चिकित्सक और पैरामेडिकल स्टाफ अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर उपस्थित पाए गए। अपर नगर मजिस्ट्रेट ने अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के दौरान यह जानकारी सामने आई कि पिछले दो दिनों से एक्स-रे मशीन कार्य नहीं कर रही थी। इस संबंध में पूछताछ करने पर बताया गया कि मशीन को ठीक कराया जा रहा है और बुधवार को ही इसके सुचारू होने की संभावना है।

ट्रामा सेंटर में मरीजों की सुविधाओं का लिया जायजा

अपर नगर मजिस्ट्रेट ने स्वरूपरानी चिकित्सालय के ट्रामा सेंटर का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एक्स-रे जांच के लिए 75 तीमारदार और सिटी स्कैन के लिए 9 मरीज उपस्थित मिले।

उन्होंने भर्ती मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली, जहां स्थिति संतोषजनक पाई गई। ट्रामा ट्रायज में बुधवार सुबह 4 मरीज भर्ती किए गए थे।

इसके अलावा उन्होंने गैस्ट्रोलॉजी विभाग के एमआरयू लैब, पोस्ट ऑपरेटिव वार्ड और आईसीसीयू विभाग का निरीक्षण किया। इन विभागों में व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं।

जांच मशीनें सुचारू, मरीजों को नहीं हो रही परेशानी

निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों ने बताया कि अस्पताल में संचालित सभी जांच मशीनें जैसे सीटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और एमआरआई वर्तमान में सुचारू रूप से कार्य कर रही हैं।

चिकित्सकों ने बताया कि जांच से संबंधित किसी भी प्रकार की परेशानी मरीजों या उनके तीमारदारों को नहीं हो रही है।

अस्पताल में वार्डों में विद्युत आपूर्ति लगातार जारी मिली। वहीं वार्डों और गलियारों की साफ-सफाई भी अच्छी पाई गई। विभिन्न वार्डों के बाहर तीमारदारों के बैठने की व्यवस्था उपलब्ध मिली, जहां तीमारदार बैठे हुए मिले। अपर नगर मजिस्ट्रेट ने उनसे अस्पताल की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली, जिसमें स्थिति संतोषजनक बताई गई।

साफ-सफाई व्यवस्था की जांच, सुधार के दिए निर्देश

अपर नगर मजिस्ट्रेट ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, गलियारों, शौचालयों और अन्य विभागों की साफ-सफाई एवं भौतिक स्थिति का भी निरीक्षण किया।

निरीक्षण में अधिकांश स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। हालांकि कुछ स्थानों पर मरम्मत और अतिरिक्त साफ-सफाई की आवश्यकता महसूस हुई, जिसको लेकर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

वहीं आर्थो वार्ड में सफाई व्यवस्था पूरी तरह संतोषजनक नहीं मिली, जिसके लिए सुधार के निर्देश दिए गए।

पार्किंग व्यवस्था भी पाई गई संतोषजनक

निरीक्षण के दौरान तीमारदारों के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में पुरानी बिल्डिंग के पास तीमारदारों के चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था संचालित है।

इसके अलावा ट्रॉमा सेंटर के पास नई पार्किंग के निर्माण का प्रस्ताव है। वहीं तीमारदारों के दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग स्थल उपलब्ध है, जो वर्तमान में संचालित पाया गया।

अस्पताल में दो पहिया और चार पहिया वाहनों की पार्किंग व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

दलालों की संलिप्तता नहीं मिली

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में दलालों की संलिप्तता से संबंधित कोई तथ्य सामने नहीं आया। अपर नगर मजिस्ट्रेट ने अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मरीजों और तीमारदारों ने अस्पताल परिसर में पेयजल व्यवस्था को संतोषजनक बताया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर और वार्डों के आसपास स्थित पेयजल व्यवस्था एवं वाटर कूलर संचालित अवस्था में मिले।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *