सहायक अध्यापक मुख्य परीक्षा-2025 को निष्पक्ष और नकलविहीन कराने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश।
प्रयागराज | प्रयागराज शिक्षक भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, नकलविहीन और शुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा की शुचिता को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला शाखा) मुख्य परीक्षा-2025 के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को संगम सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में परीक्षा को निर्धारित प्रक्रियाओं के अनुसार सकुशल, निर्विघ्न, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं पूरी शुचिता के साथ संपन्न कराने को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।
11 जुलाई को आयोजित होगी सहायक अध्यापक मुख्य परीक्षा
समीक्षा बैठक में बताया गया कि सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला शाखा) मुख्य परीक्षा-2025 का आयोजन 11 जुलाई 2026 को किया जाएगा।
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली में पूर्वाह्न 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सामाजिक विज्ञान विषय की मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं दूसरी पाली में अपराह्न 3:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक संगीत विषय की मुख्य परीक्षा आयोजित होगी।
इस परीक्षा के लिए कुल 9376 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा के लिए कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि संगीत विषय की परीक्षा के लिए 1 परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता से कार्य करने के निर्देश
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बैठक में मौजूद सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, सह केंद्र व्यवस्थापक सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को परीक्षा आयोजन की जिम्मेदारियों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निभाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा को सकुशल और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न करने या शुचिता को प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित नियमों और प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को निष्पक्ष वातावरण में परीक्षा देने का अवसर मिल सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।