जिलाधिकारी ने लंबित ऋण प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए, कई बैंकों की प्रगति पर जताई नाराजगी।
प्रयागराज | मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित संगम सभागार में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता तथा मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और बैंक प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत एवं वितरित ऋण, लंबित प्रकरणों तथा लाभार्थियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि पात्र युवाओं के सभी आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
बैंकवार लंबित प्रकरणों की हुई विस्तृत समीक्षा
समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के तहत विभिन्न बैंकों में स्वीकृति एवं ऋण वितरण के लिए लंबित पत्रावलियों की बैंकवार गहन समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने सभी बैंक प्रतिनिधियों से लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य पात्र युवाओं को समय पर वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है, इसलिए सभी बैंक निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करें।
एसबीआई की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
बैठक में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) द्वारा विगत माह निर्धारित मासिक लक्ष्य पूरा नहीं करने तथा त्रैमास समाप्त होने के बावजूद लक्ष्य के अनुरूप स्वीकृति एवं ऋण वितरण की संख्या कम रहने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने बैंक प्रतिनिधि को निर्देश दिए कि ऋण वितरण से संबंधित सभी प्रकोष्ठों (सेल) के अधिकारियों को आगामी समीक्षा बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित किया जाए। साथ ही जुलाई माह में 75 पत्रावलियों पर ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
अन्य बैंकों को भी जारी की चेतावनी
बैठक में एचडीएफसी बैंक, यूनियन बैंक, एक्सिस बैंक तथा कोटक महिंद्रा बैंक लिमिटेड की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने इन बैंकों को चेतावनी जारी करते हुए निर्देश दिए कि विगत माह के निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति जुलाई माह में हर हाल में सुनिश्चित की जाए। साथ ही लंबित पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी, क्योंकि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान राज्य सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजना है।
ऋण वितरण में तेजी लाने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वीकृत प्रकरणों में ऋण वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।
उन्होंने लाभार्थियों को समय-समय पर आवश्यक तकनीकी सहायता एवं उद्यमिता संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी विशेष बल दिया, ताकि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र युवाओं तक प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
बैठक में उपायुक्त उद्योग, सहायक आयुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक तथा योजना से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।