नैनीताल में घने कोहरे और लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, स्कूलों में अवकाश


लगातार बारिश से झील का जलस्तर बढ़ा, कई मार्ग बंद, घने कोहरे के कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल सहित आसपास के क्षेत्रों और पूरे जनपद नैनीताल के साथ-साथ उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में 8 जुलाई से लगातार बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही वर्षा के कारण नैनीताल में चारों ओर घना कोहरा छा गया है। हालात ऐसे हैं कि आमने-सामने की वस्तुएं भी स्पष्ट दिखाई नहीं दे रही हैं। कोहरे और बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

माल रोड पर पसरा सन्नाटा

आमतौर पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाली माल रोड पर भी लगातार बारिश और घने कोहरे के कारण सन्नाटा पसरा हुआ है। मौसम खराब होने से पर्यटक भी होटल और सुरक्षित स्थानों पर ही रहने को मजबूर हैं।

स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए जिला प्रशासन ने 10 जुलाई को भी जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

कई मार्ग बंद, वाहन चालकों को हो रही परेशानी

लगातार बारिश के चलते जनपद नैनीताल में दो राज्य मार्ग, दो प्रमुख जिला मार्ग तथा आधा दर्जन ग्रामीण मार्ग बंद हो गए हैं। संबंधित विभाग इन मार्गों को खोलने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को दिन में भी अपने वाहनों की लाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है।

झील का जलस्तर बढ़ा, पहाड़ियों से गिर रहे पत्थर

मूसलाधार बारिश के कारण नैनीताल झील का जलस्तर भी काफी बढ़ गया है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों से पत्थरों के लुढ़कने की भी खबरें मिल रही हैं, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

लगातार हो रही बारिश से जहां जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं मौसम में ठंडक भी बढ़ गई है। लोग आवश्यक कार्य होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *