प्रदेशभर के पदाधिकारी और समाजजन राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक, जनचेतना महासम्मेलन एवं समाजहित के प्रस्तावों पर करेंगे विचार-विमर्श।
भीलवाड़ा। राजस्थान प्रांतीय तैलीक साहू महासभा की प्रदेश कार्यकारिणी, समाज के प्रमुख जनप्रतिनिधियों एवं प्रबुद्धजनों की महत्वपूर्ण बैठक 12 जुलाई (रविवार) को प्रातः 11:15 बजे हरि शेवाधाम, भीलवाड़ा में आयोजित होगी। बैठक में प्रदेशभर से महासभा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारी, सभी प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष, संभागीय अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, महिला एवं युवा मोर्चा के पदाधिकारी, संरक्षक, आमंत्रित सदस्य तथा समाज के गणमान्य नागरिक भाग लेंगे।
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष देवी लाल साहू के निर्देशानुसार आयोजित इस बैठक का मुख्य उद्देश्य भीलवाड़ा में प्रस्तावित दो दिवसीय अखिल भारतीय तैलीक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक एवं राष्ट्रीय जनचेतना महासम्मेलन की व्यापक रूपरेखा तैयार करना है।
20 हजार समाजजनों की सहभागिता का लक्ष्य
कार्यक्रम संयोजक एवं महासभा के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रहलाद दिया ने बताया कि भीलवाड़ा में प्रस्तावित इस राष्ट्रीय आयोजन में देशभर एवं प्रदेश से समाज के जनप्रतिनिधियों सहित लगभग 20 हजार समाजजनों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की मेजबानी, आयोजन समिति के गठन, विभिन्न व्यवस्थाओं, समाज की सहभागिता तथा कार्यक्रम को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने सहित अनेक विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही सामाजिक जागृति को गति देने, संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाजहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर भी निर्णय लिए जाएंगे।
महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर होगी चर्चा
बैठक के एजेंडे में वर्ष 2025-26 के दौरान चयनित प्रतिभावान छात्र-छात्राओं एवं विभिन्न सेवाओं में चयनित अधिकारी-कर्मचारियों के सम्मान का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके अलावा जयपुर एवं भीलवाड़ा में समाज के विद्यार्थियों के लिए नवीन छात्रावास निर्माण हेतु राज्य सरकार से रियायती दर पर भूमि आवंटन की मांग पर भी विचार किया जाएगा।
बैठक में आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में समाज की अधिकतम राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने तथा तेल-घाणी बोर्ड के गठन के लिए राज्य सरकार को सामूहिक मांग पत्र भेजने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा होगी।
स्वागत परंपरा और पूर्व निर्णयों पर भी होगा मंथन
बैठक में संगठन के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों में स्वागत परंपरा को सरल एवं एकरूप बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कार्यक्रमों को छोड़कर साफे के स्थान पर केवल ओढ़ना (ओपरना) से स्वागत करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा।
इसके साथ ही पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों का अनुमोदन किया जाएगा तथा अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की जाएगी।
सभी पदाधिकारियों से सहभागिता की अपील
महासभा ने प्रदेश के सभी पदाधिकारियों, महिला एवं युवा मोर्चा, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्धजनों से बैठक में उपस्थित होकर समाज के इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।
महासभा ने विश्वास व्यक्त किया है कि सभी के सामूहिक सहयोग, सुझाव एवं सहभागिता से भीलवाड़ा में प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक एवं जनचेतना महासम्मेलन समाज के इतिहास में एक नई पहचान स्थापित करेगा।
यह भी पढ़ें:

Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।