तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, पदोन्नति और सेवा संबंधी लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी।
सवाई माधोपुर, 9 जुलाई। राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ ने अपनी 7 सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपते हुए शिक्षकों की वर्षों से लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। संघ ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
उपखंड अधिकारी को सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेशाध्यक्ष शेरसिंह चौहान के आह्वान पर सवाई माधोपुर ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र फागना एवं प्रदेश प्रवक्ता राहुल सिंह गुर्जर के नेतृत्व में शिक्षकों के प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी सवाई माधोपुर गौरव कुमार मित्तल को मुख्यमंत्री के नाम सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।
स्थानांतरण और पदोन्नति सहित सात प्रमुख मांगें उठाईं
प्रदेश प्रवक्ता राहुल सिंह गुर्जर ने बताया कि प्रदेशभर के तृतीय श्रेणी शिक्षक लंबे समय से स्थानांतरण, पदोन्नति तथा अन्य सेवा संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सत्र 2018 से लंबित तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण तत्काल किए जाएं।
ज्ञापन में पिछले छह शिक्षा सत्रों से लंबित वरिष्ठ अध्यापक पद पर पदोन्नतियां (डीपीसी) शीघ्र कराने, 2 जून 2026 के वित्त विभाग के पे प्रोटेक्शन संबंधी आदेश को वापस लेने, वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को टेट/रीट अनिवार्यता से राहत देने, जर्जर विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण के लिए बजट जारी करने, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के पेंशन, सरेंडर लीव, जीपीएफ तथा राज्य बीमा के लंबित भुगतान शीघ्र जारी करने तथा 2015 के स्टाफिंग पैटर्न को पूर्ण रूप से लागू कर छात्र संख्या के अनुरूप शिक्षकों की नियुक्ति करने की मांग की गई।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो होगा चरणबद्ध आंदोलन
ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र फागना ने कहा कि यदि शिक्षकों की वर्षों से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो 20 जुलाई को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद भी समाधान नहीं होने पर अगस्त माह में जयपुर में संगठन प्रदेशव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार शिक्षक हित में सकारात्मक निर्णय लेते हुए शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाएगी।
ज्ञापन देने के दौरान विनोद जैन, भुवनेश्वर शर्मा, महावीर सोनी, मोजीराम मीना, ओमप्रकाश मीना, पप्पूलाल मीना, देवनारायण गुर्जर, अनिल बैरवा, जसराज सिंह चौहान, गुरदयाल बैरवा, पारस जैन, रणवीर बैरवा, दिलखुश बैरवा सहित संगठन के पदाधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।