‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत जसरा, शंकरगढ़ और कौंधियारा में पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
प्रयागराज। वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत रविवार को बारा विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बारा विधायक डॉ. वाचस्पति एवं उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव सहकारिता अजय कुमार शुक्ला ने सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लेने का आह्वान किया।
वृक्षारोपण अभियान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि पौधरोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
इन ग्राम पंचायतों में किया गया पौधरोपण
अभियान के अंतर्गत विकास खंड जसरा की ग्राम पंचायत संडवा खुर्द, विकास खंड शंकरगढ़ की ग्राम पंचायत भेलाव, गाढ़ा कटरा एवं लखनपुर, तथा विकास खंड कौंधियारा की ग्राम पंचायत आंबा में पौधरोपण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने स्वयं पौधे लगाकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का दायित्व निभाए, तो हरित वातावरण के निर्माण में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान
बारा विधायक डॉ. वाचस्पति एवं प्रमुख सचिव सहकारिता अजय कुमार शुक्ला ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की मजबूत आधारशिला भी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल भी करें, ताकि वे विकसित होकर पर्यावरण संरक्षण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, डीसी मनरेगा, उपजिलाधिकारी बारा गणेश कन्नौजिया, ब्लॉक प्रमुख कौंधियारा इन्द्रनाथ मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख शंकरगढ़ निर्मला देवी, खंड विकास अधिकारी शंकरगढ़ सुनील सिंह, खंड विकास अधिकारी जसरा समां सिंह, डॉ. कंचन यादव, सुनील सिंह, वन रेंजर अजय कुमार, एडीओ पंचायत शंकरगढ़ दशरथ लाल यादव, ग्राम विकास अधिकारी शंकरगढ़ राजेंद्र मौर्य, शशिकांत, बलवंत सिंह, राज कपूर गौतम, अतुल रंजन, ग्राम प्रधान लखनपुर, विधायक प्रतिनिधि विजय कुमार निषाद ‘श्यामू’, मीडिया प्रभारी नीरज केसरवानी, ई. प्रकाश सिंह, जगत नारायण शुक्ला, दिलीप निषाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने पौधों के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और हरित वातावरण के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।