नदबई की ग्राम पंचायत खांगरी में आयोजित शिविर में विवाह पंजीयन और आवासीय पट्टा सहित कई मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया गया।
नदबई। नदबई क्षेत्र की ग्राम पंचायत खांगरी में सोमवार को आयोजित ग्राम सेवा शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया।
शिविर का निरीक्षण उपखंड अधिकारी (एसडीएम) सचिन यादव ने किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से चर्चा करते हुए निर्देश दिए कि ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का त्वरित एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विवाह पंजीयन और आवासीय पट्टा का हुआ समाधान
शिविर के दौरान खांगरी निवासी शशी कुमार ने विवाह पंजीयन के लिए लंबे समय से कार्यालयों के चक्कर लगाने की समस्या अधिकारियों के समक्ष रखी। वहीं, विक्रम सिंह ने आवासीय पट्टा नहीं होने के कारण विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाने की जानकारी दी।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सचिन यादव ने शिविर स्थल पर ही आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करवाई। इसके बाद शशी कुमार का विवाह पंजीयन कराया गया तथा विक्रम सिंह को आवासीय पट्टा उपलब्ध कराया गया।
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
शिविर के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने पात्र लोगों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया तथा आवश्यक दस्तावेजों और आवेदन प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में विकास अधिकारी सौदान सिंह, प्रशासक सुजान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Bharatpur, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।