नदबई-नगर मार्ग पर जलभराव से नाराज ग्रामीणों ने लगाया जाम, तहसीलदार की समझाइश और पानी निकासी शुरू होने के बाद मामला हुआ शांत।
नदबई। करीली में बारिश के पानी से सड़क जाम होने की समस्या को लेकर रविवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। नदबई क्षेत्र के गांव करीली स्थित राजकीय सीनियर विद्यालय के मुख्य मार्ग पर कई दिनों से बारिश का पानी जमा होने से नाराज ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया। इसके चलते नदबई-नगर सड़क मार्ग पर वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रभावित हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
ग्रामीणों का कहना था कि सड़क पर जमा गंदे पानी के कारण छोटे-छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय का मुख्य प्रवेश मार्ग भी जलमग्न होने से विद्यार्थियों को मजबूरी में गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
कई दिनों से बनी हुई थी जलभराव की समस्या
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीली स्थित पोखर का ओवरफ्लो पानी पिछले कई दिनों से सड़क पर जमा हो रहा है। इसके कारण आमजन का आवागमन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस समस्या की जानकारी पहले ही ग्राम पंचायत और संबंधित विभागीय अधिकारियों को दी जा चुकी थी, लेकिन समय पर समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती गई।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए नदबई-नगर मार्ग पर जाम लगा दिया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा प्रशासन
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन में हलचल मच गई। तहसीलदार तरुण कुमार तथा लखनपुर थाना प्रभारी विजय सिंह छौंकर पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर जाम समाप्त करने की अपील की।
हालांकि, ग्रामीण तत्काल और स्थायी समाधान की मांग पर अड़े रहे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक पानी निकासी की व्यवस्था शुरू नहीं होगी, तब तक वे जाम नहीं हटाएंगे।
पानी निकासी शुरू होने के बाद खुला जाम
बाद में ग्राम पंचायत के सहयोग से मोटर लगाकर सड़क पर जमा गंदे पानी की निकासी शुरू कराई गई। पानी निकालने का कार्य प्रारंभ होने के बाद ग्रामीण शांत हुए और करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कर दिया गया।
इस दौरान नदबई-नगर मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें:

Bharatpur, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।