अध्यक्ष सहित 16 पदों के लिए 19 जुलाई को चुनाव, नामांकन से शपथ ग्रहण तक पूरी प्रक्रिया एक ही दिन में होगी संपन्न।
भीलवाड़ा | दक्षिण राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वर्ष 2026-29 के कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। चुनाव कार्यालय, भीलवाड़ा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार सभा के अध्यक्ष सहित विभिन्न पदाधिकारियों का निर्वाचन 19 जुलाई 2026 (रविवार) को कार्यकारी मंडल के सदस्यों द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव कार्यक्रम और संपूर्ण प्रक्रिया भी जारी कर दी गई है।
अध्यक्ष सहित 16 पदों के लिए होगा निर्वाचन
मुख्य चुनाव अधिकारी सत्यनारायण मुंदड़ा द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार चुनाव में अध्यक्ष (1), उपाध्यक्ष (6), मंत्री (1), अर्थमंत्री (1), संगठन मंत्री (1) तथा सह मंत्री (6) सहित कुल 16 पदों के लिए निर्वाचन कराया जाएगा।
अधिसूचना के अनुसार चुनाव प्रक्रिया केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न होगी। समिति का निर्णय अंतिम एवं सर्वमान्य माना जाएगा।
नामांकन शुल्क और पात्रता की शर्तें तय
चुनाव अधिसूचना में प्रत्येक पद के लिए 5,000 रुपये का नामांकन शुल्क निर्धारित किया गया है। अध्यक्ष पद के उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 45 वर्ष, जबकि अन्य सभी पदों के लिए उम्मीदवार की आयु 40 वर्ष या उससे अधिक होना आवश्यक है।
इसके अलावा केवल कार्यकारी मंडल के सदस्य ही मतदान के पात्र होंगे और मतदान के समय उनका स्वयं उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।
एक ही दिन में पूरी होगी चुनाव प्रक्रिया
जारी कार्यक्रम के अनुसार 19 जुलाई को सुबह 11:30 बजे से 12:30 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 12:45 बजे नामांकन पत्रों की जांच कर वैध प्रत्याशियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
दोपहर 1:30 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे, जबकि 1:45 बजे अंतिम प्रत्याशी सूची जारी की जाएगी। यदि किसी पद पर एक से अधिक उम्मीदवार चुनाव मैदान में रहते हैं तो दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा।
मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे। इसके पश्चात विजयी अध्यक्ष का शपथ ग्रहण भी कराया जाएगा।
चुनाव को लेकर समाज में बढ़ा उत्साह
चुनाव कार्यालय ने सभी पात्र सदस्यों से समय पर उपस्थित होकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। चुनाव अधिसूचना की प्रतिलिपि केंद्रीय चुनाव समिति एवं संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
इधर, माहेश्वरी समाज में चुनाव को लेकर उत्साह का माहौल बना हुआ है। विभिन्न पदों के संभावित उम्मीदवारों ने संपर्क अभियान और चुनावी तैयारियां भी तेज कर दी हैं।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।