भीलवाड़ा में एमसीएच इकाई की मौतों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, बैरिकेड्स पर चढ़े नेता, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन।
भीलवाड़ा | एमसीएच मौतों को लेकर सोमवार को भीलवाड़ा में राजनीतिक माहौल गर्म रहा। महात्मा गांधी चिकित्सालय की मातृ-शिशु (एमसीएच) इकाई में हाल ही में हुई महिलाओं की मौतों के विरोध में शहर एवं देहात जिला कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेलवे स्टेशन चौराहे से रैली निकालकर कलेक्ट्रेट तक मार्च किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
बैरिकेड्स पर चढ़े कांग्रेस नेता, पुलिस ने रोका
रेलवे स्टेशन चौराहे से शुरू हुई रैली कलेक्ट्रेट पहुंची, जहां पहले से तैनात पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। मुख्य प्रवेश द्वार पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच आमना-सामना हुआ। इसी दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवराम खटीक, महिला कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह, नगर निगम के पूर्व नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक तथा मनोज पालीवाल बैरिकेड्स पर चढ़ गए। नेताओं के बैरिकेड्स पर चढ़ने के बाद कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की।
पुलिस ने समझाइश देकर संभाली स्थिति
मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने नेताओं से बैरिकेड्स से नीचे उतरने और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की अपील की। कुछ समय तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही, लेकिन पुलिस ने संयम बनाए रखा और हालात को नियंत्रित करते हुए किसी भी अप्रिय घटना को नहीं होने दिया।
उच्च स्तरीय जांच और कार्रवाई की मांग
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने एडीएम सिटी प्रतिभा देवठिया को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महात्मा गांधी चिकित्सालय की एमसीएच विंग में हुई पांच महिलाओं की मौत की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।
इसके साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, मृतकों के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता, अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्थाओं में सुधार तथा रिक्त चिकित्सकीय पदों को शीघ्र भरने की मांग भी उठाई गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द आवश्यक कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और अधिक उग्र किया जाएगा।
देहात कांग्रेस ने उठाया एक और मुद्दा
इसी दौरान देहात जिला कांग्रेस ने अलग मोर्चा खोलते हुए शाहपुरा विधायक लालाराम बैरवा से जुड़ी गौशाला एवं उनके पुत्र की कंपनी को व्यावसायिक भूमि आवंटन के प्रयासों का भी विरोध किया। कांग्रेस नेताओं ने इस मामले में भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।