पद्मिनी क्लब ने शुरू किया बीज यात्रा अभियान, हरियाली बढ़ाने का अनूठा संकल्प


फलों और देशी पेड़ों के बीज संरक्षित कर मानसून में खाली भूमि पर बिखेरेंगे, पर्यावरण संरक्षण की अनोखी पहल।

भीलवाड़ा। पद्मिनी क्लब का बीज यात्रा अभियान पर्यावरण संरक्षण और धरती को अधिक हराभरा बनाने की दिशा में एक नई पहल बनकर सामने आया है। क्लब ने ‘बीज यात्रा-हर कदम हरियाली’ अभियान की शुरुआत करते हुए आमजन को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया है। इस अभियान के तहत आम, जामुन, नीम, पीपल सहित विभिन्न देशी वृक्षों के बीज घर-घर से एकत्रित किए जा रहे हैं और उन्हें सुरक्षित संरक्षित किया जा रहा है।

क्लब का उद्देश्य ऐसे बीजों को संरक्षित कर मानसून के दौरान उनका उपयोग प्राकृतिक रूप से अधिक से अधिक पौधे तैयार करने में करना है। इसके लिए एकत्रित सभी बीजों को व्यवस्थित रूप से ‘बीज बैंक’ में सुरक्षित रखा जा रहा है।

मानसून में खाली भूमि पर बिखेरे जाएंगे बीज

अभियान के तहत मानसून के दौरान क्लब की सदस्याएं यात्रा करते समय इन बीजों को सड़क किनारे, खाली भूमि और उपयुक्त स्थानों पर बिखेरेंगी। क्लब का विश्वास है कि वर्षा के मौसम में इनमें से बड़ी संख्या में बीज अंकुरित होकर आने वाले वर्षों में सैकड़ों नए पेड़ों का रूप ले सकते हैं।

इस पहल का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राकृतिक तरीके से हरियाली बढ़ाना और पर्यावरण संरक्षण में समाज की भागीदारी सुनिश्चित करना भी है।

पर्यावरण संरक्षण के साथ पक्षियों को मिलेगा प्राकृतिक आश्रय

क्लब की ओर से बताया गया कि यह छोटा प्रयास भविष्य में तापमान कम करने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा पक्षियों और अन्य जीवों के लिए प्राकृतिक आश्रय विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। अभियान के माध्यम से लोगों को भी बीजों को नष्ट करने के बजाय उन्हें संरक्षित कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

कई सदस्याएं निभा रही हैं सक्रिय भूमिका

क्लब अध्यक्ष सीमा सोमानी के नेतृत्व में संचालित इस अभियान को कल्पना माहेश्वरी का मार्गदर्शन प्राप्त है। अभियान में सुमन जैन, रीना गुप्ता, सरिता पोखरना, मोहिनी अग्रवाल, ममता सेठी, छाया कोठारी, सीमा चंदोरिया, प्रीति जैन, सुनीता पीपाड़ा और सीमा गोढ़ा सहित अनेक सदस्याएं सक्रिय रूप से अपनी भूमिका निभा रही हैं।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *