बूंदी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज, परिजनों ने पुलिस से छात्र की शीघ्र तलाश कर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
टोंक। टोंक का 12वीं का छात्र बूंदी बस स्टैंड से लापता होने का मामला सामने आया है। टोंक जिले के चोरू गांव निवासी 18 वर्षीय जसराम धाकड़ के लापता होने से परिजनों में चिंता का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि सिटी कोतवाली थाना बूंदी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद पांच दिन बीत जाने के बाद भी छात्र का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
11 जुलाई को हॉस्टल से घर के लिए निकला था छात्र
प्रार्थी प्रहलाद धाकड़ पुत्र छोटूलाल धाकड़, निवासी चोरू, जिला टोंक ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनका पुत्र जसराम धाकड़ बूंदी स्थित श्री श्याम हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता था। वह 11 जुलाई 2026 को सुबह करीब 6 बजे हॉस्टल से अपने घर चोरू आने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा।
परिजनों के अनुसार, उसी दिन हॉस्टल संचालक राजेंद्र धाकड़ ने फोन कर पूछा कि क्या जसराम घर पहुंच गया है। परिवार द्वारा उसके घर नहीं पहुंचने की जानकारी देने के बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
बूंदी बस स्टैंड पर आखिरी बार मिली थी जानकारी
परिवार ने बताया कि जसराम के साथ एक अन्य छात्र भी हॉस्टल से निकला था, जो नैनवां क्षेत्र का रहने वाला है। उस छात्र ने बताया कि वह बूंदी बस स्टैंड से नैनवां जाने वाली बस में सवार हो गया था, जबकि जसराम अपनी बस का इंतजार कर रहा था।
इसके बाद से जसराम के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों, परिचितों तथा आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन अब तक उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
परिजनों ने शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई
परिजनों का कहना है कि सिटी कोतवाली थाना बूंदी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद अभी तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिला है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए जसराम धाकड़ की जल्द से जल्द तलाश करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें:
Tonk, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।