भीलवाड़ा सांवरिया सेठ मंदिर में जगन्नाथ उत्सव, दिव्य झांकी के दर्शन


पुरी की तर्ज पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा की आकर्षक झांकी सजाई गई, महाआरती के बाद श्रद्धालुओं में महाप्रसादी वितरित की गई।

भीलवाड़ा। नौगांव स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन हुए, जिनमें भगवान ने गर्भगृह में ही जगन्नाथ स्वरूप में भक्तों को दिव्य दर्शन दिए। अलौकिक झांकी के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

उत्सव के दौरान संपूर्ण मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और सुगंधित पुष्पों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। पूरा परिसर जयकारों और भक्ति गीतों से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा।

पुरी की तर्ज पर सजी दिव्य झांकी

मंदिर समिति के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि पुजारी दीपक पाराशर, मंत्री श्रवण सेन, दर्शन प्रमुख राकेश खोईवाल, सामग्री प्रमुख गिरराज काबरा एवं भंवरलाल दरगड़ सहित प्रबंध समिति के सदस्यों के विशेष प्रयासों से इस वर्ष उत्सव को भव्य स्वरूप दिया गया।

गर्भगृह में भगवान सांवरिया सेठ को पुरी (ओडिशा) की तर्ज पर भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के दिव्य स्वरूप में सजाया गया। इस अनुपम झांकी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया और भक्त भाव-विभोर होकर जयकारे लगाते रहे।

महाआरती में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

उत्सव का मुख्य आकर्षण संध्या बेला में आयोजित भव्य महाआरती रही। महाआरती में भीलवाड़ा शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।

आरती के पश्चात सभी भक्तों को महाप्रसादी वितरित की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में विशेष व्यवस्थाएं भी की गईं।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *