महिला सुरक्षा, साइबर क्राइम, गोतस्करी पर कार्रवाई और बेहतर पुलिसिंग को प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।
भरतपुर। राजस्थान पुलिस की वरिष्ठ अधिकारी डॉ. प्रीति चंद्रा ने भरतपुर रेंज के महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने पूर्व आईजी कैलाश चंद्र बिश्नोई का स्थान लिया। आईजी कार्यालय पहुंचने पर उन्हें पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया गया।
पदभार संभालने के बाद डॉ. प्रीति चंद्रा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर रेंज की कानून व्यवस्था की समीक्षा की और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा होगी प्राथमिकता
डॉ. प्रीति चंद्रा ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता भरतपुर रेंज में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराधों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और आधुनिक तकनीक के माध्यम से ऐसे मामलों पर प्रभावी नियंत्रण के प्रयास किए जाएंगे।
बेहतर पुलिसिंग और त्वरित शिकायत निस्तारण पर जोर
आईजी ने कहा कि पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देशानुसार रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आमजन की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण तथा थानों में बेहतर व्यवहार को पुलिस की प्राथमिक पहचान बनाने पर जोर दिया।
गोतस्करी और हार्डकोर अपराधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
डॉ. प्रीति चंद्रा ने कहा कि भरतपुर रेंज के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। हार्डकोर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई के साथ गोतस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके अलावा बाहरी राज्यों से आने वाले अपराधियों पर भी कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि करौली जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में कार्य करने का अनुभव उनके लिए उपयोगी रहा है और अब रेंज स्तर पर मिली जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करेंगी।
यह भी पढ़ें:

Bharatpur, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।