मेविला, जिला पंचायत, सीमेंट हाउस और जीवाजी कॉटेज क्षेत्र में पथराव की घटनाओं से लोगों में भय, प्रशासन से कार्रवाई की मांग।
नैनीताल। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी एवं देवभूमि नैनीताल में देर रात घरों पर पथराव की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लगातार हो रही इन घटनाओं के चलते कई क्षेत्रों के निवासी स्वयं रात में गश्त करने को मजबूर हो गए हैं। लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से शीघ्र कार्रवाई कर असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कुछ समय से शहर में छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद, गाली-गलौज और मारपीट जैसी घटनाएं बढ़ी हैं। अब देर रात असामाजिक तत्वों द्वारा घरों की छतों और मकानों पर पथराव किए जाने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे क्षेत्रवासियों में भय का वातावरण है।
कई क्षेत्रों में हो रही हैं घटनाएं
बताया गया कि मेविला, जिला पंचायत, सीमेंट हाउस और जीवाजी कॉटेज सहित आसपास के क्षेत्रों में देर रात अज्ञात लोग घरों पर पत्थर फेंक रहे हैं। इन घटनाओं से लोग भयभीत हैं और परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
स्थिति यह है कि स्थानीय निवासी स्वयं रात में जागकर पुलिस की तरह गश्त कर रहे हैं, लेकिन अब तक किसी भी असामाजिक तत्व की पहचान नहीं हो सकी है।
प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग
क्षेत्रवासियों ने कुमाऊँ आयुक्त, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि रात्रि गश्त बढ़ाई जाए, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत की जाए तथा पथराव करने वाले असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शहर में कानून व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।