मेहराबर गांव में आयोजित बैठक में शिक्षा, सामूहिक विवाह, लाइब्रेरी और धर्मशाला निर्माण सहित समाजहित के चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे गए।
डीग। डीग में यादव समाज की बैठक मेहराबर गांव में यादव समाज की जिला अध्यक्ष एवं महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष एडवोकेट स्वेता यादव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में समाज के लोगों ने उनका साफा एवं माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान समाज के विकास, संगठन की मजबूती और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एडवोकेट स्वेता यादव ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना किसी भी समाज का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया और सामाजिक गतिविधियों में समान अवसर देना समय की आवश्यकता है।
समाज हित में रखे चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव
बैठक के दौरान एडवोकेट स्वेता यादव ने समाज के विकास और संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चार महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि यादव समाज को शिक्षा, संगठन और सामाजिक एकता के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करने के लिए सामूहिक प्रयास करने होंगे।
उन्होंने समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, ताकि नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिल सके।
सामूहिक विवाह, लाइब्रेरी और धर्मशाला निर्माण पर दिया जोर
एडवोकेट स्वेता यादव ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत प्रदान करने और सामाजिक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करने की आवश्यकता बताई।
इसके अलावा विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मेहराबर गांव में आधुनिक लाइब्रेरी की स्थापना तथा समाज के सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सुचारु आयोजन के लिए यादव धर्मशाला निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।
शिक्षा और संगठन को बताया प्रगति का आधार
उन्होंने कहा कि शिक्षा, संगठन और सामाजिक सहयोग ही समाज की प्रगति का आधार हैं। यदि इन चारों प्रस्तावों को प्रभावी रूप से लागू किया जाता है तो आने वाली पीढ़ियों को इसका दीर्घकालिक लाभ मिलेगा और समाज को नई दिशा मिलेगी।
बैठक में उपस्थित समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और महिलाओं ने एडवोकेट स्वेता यादव के सुझावों का स्वागत किया तथा समाज के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर यादव समाज के अनेक पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक, युवा कार्यकर्ता एवं महिलाएं उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।