फेम इंडिया–एशिया पोस्ट सर्वे में संसदीय प्रदर्शन के आधार पर मिली जगह, भीलवाड़ा में खुशी की लहर।
भीलवाड़ा। भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल देश के टॉप 25 सांसदों में शामिल हो गए हैं। फेम इंडिया मैगज़ीन और एशिया पोस्ट के संयुक्त सर्वेक्षण में उन्हें 18वीं लोकसभा के पहले वर्ष के संसदीय प्रदर्शन के आधार पर देश के शीर्ष 25 लोकसभा सांसदों की सूची में स्थान दिया गया है। इस उपलब्धि से भीलवाड़ा जिले में खुशी का माहौल है और समर्थकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
सर्वेक्षण के अनुसार सांसद दामोदर अग्रवाल की संसदीय उपस्थिति 99 प्रतिशत रही। उन्होंने लोकसभा में 223 प्रश्न पूछे, 26 बहसों में भाग लिया तथा तीन निजी विधेयक प्रस्तुत किए। उनकी संसदीय सक्रियता राष्ट्रीय औसत से काफी अधिक दर्ज की गई, जिसे उनकी प्रभावी और सक्रिय संसदीय भूमिका का प्रमाण माना गया है।
संसद में उठाए भीलवाड़ा के विकास से जुड़े अहम मुद्दे
सांसद दामोदर अग्रवाल ने संसद में भीलवाड़ा और आसपास के क्षेत्र के विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से उठाया। इनमें पीएम मित्र योजना के अंतर्गत टेक्सटाइल पार्क की मांग, भीलवाड़ा–मुंबई रेल सेवा, अजमेर–कोटा रेल लाइन, नाथद्वारा–जयपुर रेल लाइन, रेलवे ओवरब्रिज, भीलवाड़ा–शाहपुरा–देवली फोरलेन, सीजीएचएस वेलनेस सेंटर, हमीरगढ़ हवाई पट्टी के विकास तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार जैसे मुद्दे शामिल रहे।
इसके अलावा उन्होंने नंदासा स्तूप को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने, पर्यटन विकास, अवैध खनन, पर्यावरण संरक्षण तथा जैविक कृषि जैसे विषयों को भी लोकसभा में प्रभावी ढंग से उठाया।
सांसद निधि से विकास कार्यों को दी प्राथमिकता
सांसद निधि के माध्यम से दामोदर अग्रवाल ने क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी। उन्होंने स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष निर्माण, सामुदायिक भवन, पेयजल सुविधाएं, सड़क निर्माण, प्रकाश व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता प्रदान की।
साथ ही उन्होंने ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क कर स्थानीय समस्याओं को संसद और संबंधित मंत्रालयों तक पहुंचाने का प्रयास किया। उनकी इस कार्यशैली को भी सर्वेक्षण में सकारात्मक रूप से रेखांकित किया गया।
कई मानकों के आधार पर तैयार हुआ सर्वे
फेम इंडिया के अनुसार यह सर्वे सांसदों की संसदीय उपस्थिति, बहसों में भागीदारी, पूछे गए प्रश्न, निजी विधेयक, सांसद निधि के उपयोग, जनसंपर्क, क्षेत्रीय विकास, नेतृत्व क्षमता तथा सार्वजनिक छवि जैसे विभिन्न मानकों पर आधारित रहा। इसके अलावा नागरिकों, शिक्षाविदों, वरिष्ठ पत्रकारों और विषय विशेषज्ञों की राय को भी मूल्यांकन प्रक्रिया में शामिल किया गया।
इन प्रमुख सांसदों के साथ सूची में मिला स्थान
इस वर्ष पहली बार राज्यसभा सांसदों को भी सर्वेक्षण में शामिल किया गया, जबकि मंत्रिपरिषद के सदस्यों तथा लोकसभा और राज्यसभा के नेता प्रतिपक्ष को निष्पक्ष मूल्यांकन बनाए रखने के लिए सूची से बाहर रखा गया।
शीर्ष सांसदों की सूची में अनुराग ठाकुर, शशि थरूर, सुप्रिया सुले, तेजस्वी सूर्या, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पी.पी. चौधरी, राहुल कसवां, पप्पू यादव, मनीष तिवारी और दामोदर अग्रवाल सहित देश के 25 सांसदों को स्थान मिला है।
यह भी पढ़ें:

Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।