तीन दिवसीय खेल महोत्सव में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, शिक्षा के साथ खेलों के महत्व पर दिया गया जोर |
भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद, वीर शिवाजी शाखा द्वारा विधायक खेल योजना के तहत आयोजित तीन दिवसीय वंदे मातरम् फुटबॉल प्रतियोगिता एवं खेल महोत्सव का रविवार रात्रि पुरस्कार वितरण समारोह के साथ भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में फुटबॉल के रोमांचक मुकाबलों के साथ दौड़, साइकिल रेस, हुला हूप और महिलाओं की रस्साकशी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह एवं खेल भावना के साथ भाग लिया।
समापन समारोह में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया तथा भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों सहित अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
खेलों से विकसित होती है अनुशासन और नेतृत्व क्षमता
शाखा अध्यक्ष कमलेश बोड़ाना ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम संयोजक एवं शाखा सह सचिव हरीश अग्रवाल तथा खेलकूद प्रभारी महेश बिड़ला ने आयोजन को सफल बनाने में मुख्य कोच अजीत जैन सहित सहयोगी महेश सर, दिनेश सर, मनीषा एवं हरजीत के योगदान की सराहना की।
शिक्षा के साथ खेल भी हैं जरूरी
मुख्य प्रायोजक शिवाय स्कूल के डायरेक्टर दौलत अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए समान रूप से आवश्यक हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं खेल आयोजनों में सहयोग जारी रखने का विश्वास दिलाया।
इन टीमों और प्रतिभागियों ने मारी बाजी
फुटबॉल प्रतियोगिता के 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग में मानसिंहका ब्लास्टर टीम विजेता रही, जबकि 11 से 15 वर्ष आयु वर्ग में अग्रवाल योद्धा टीम ने खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा महिला दौड़, साइकिल रेस, हुला हूप और रस्साकशी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सहयोगियों एवं प्रायोजकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे खेल आयोजनों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया गया।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।