आरोग्य भारती की विचार गोष्ठी में मानसिक, शारीरिक और आध्यात्मिक संतुलन को स्वस्थ जीवन का मूल आधार बताया गया।
भीलवाड़ा। आरोग्य भारती चित्तौड़ प्रांत, भीलवाड़ा महानगर के तत्वावधान में सोमवार को महात्मा गांधी अस्पताल परिसर स्थित नर्सिंग इंस्टीट्यूट में “आध्यात्मिक स्वास्थ्य” विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता आरोग्य भारती के राष्ट्रीय सचिव डॉ. टी.एन. मंजूनाथ ने कहा कि केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ होना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य भी स्वस्थ एवं सफल जीवन का महत्वपूर्ण आधार है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की बदलती जीवनशैली में तनाव, अवसाद और मानसिक असंतुलन जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। इनसे बचाव के लिए व्यक्ति को आध्यात्मिक मूल्यों, सकारात्मक सोच, आत्मचिंतन और नैतिक जीवन को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति अपने जीवन में आध्यात्मिकता को स्थान देता है, तब वह स्वयं के साथ-साथ परिवार, समाज और राष्ट्र के लिए भी उपयोगी नागरिक बनता है।
भारतीय जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर
कार्यक्रम में आरोग्य भारती चित्तौड़ प्रांत के अध्यक्ष राधेश्याम चौचानी एवं प्रांत सचिव कैलाश सोमानी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने संगठन द्वारा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता, भारतीय जीवनशैली के प्रचार-प्रसार तथा समग्र स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न सेवा एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि आरोग्य भारती भारतीय चिकित्सा पद्धति, योग, प्राकृतिक जीवनशैली एवं आध्यात्मिक मूल्यों के माध्यम से स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का लिया संकल्प
गोष्ठी में चिकित्सकों, नर्सिंग विद्यार्थियों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं आरोग्य भारती के पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान आध्यात्मिक स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के उपायों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।