जनता दर्शन में गैरहाजिर अधिकारियों पर डीएम सख्त, एक दिन का वेतन रोका


औचक निरीक्षण में 25 कर्मचारी भी मिले अनुपस्थित, स्पष्टीकरण तलब कर समयबद्ध जनसुनवाई के दिए निर्देश।

प्रयागराज। जनता दर्शन में अनुपस्थित अधिकारियों पर डीएम का एक्शन देखने को मिला। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सोमवार को जनता दर्शन के दौरान अनुपस्थित अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उनका एक दिन का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्ट्रेट के औचक निरीक्षण में अनुपस्थित मिले कर्मचारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई के आदेश जारी किए।

जिलाधिकारी ने पूर्व में निर्देश दिए थे कि जनता दर्शन के दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर नगर मजिस्ट्रेट, विकास विभाग, कृषि विभाग, पुलिस विभाग, नगर निगम, विद्युत, स्वास्थ्य, आपूर्ति सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहकर आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

चार विभागों के नोडल अधिकारी मिले अनुपस्थित

सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में जिला विकास अधिकारी, नगर निगम नोडल, मुख्य चिकित्साधिकारी नोडल एवं जिला आपूर्ति विभाग के नोडल अधिकारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने तथा अनुपस्थित रहने का स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में सभी अधिकारी निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से जनता दर्शन में उपस्थित रहें और अपने विभाग से संबंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

कलेक्ट्रेट के औचक निरीक्षण में 25 कर्मचारी अनुपस्थित

जिलाधिकारी ने सोमवार सुबह 10:30 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय का औचक निरीक्षण कर उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान 25 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का एक दिन का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण देने के निर्देश जारी किए।

लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि कार्यालयों में समयबद्ध उपस्थिति, अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि जनसामान्य से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। कार्यालयों में पारदर्शिता, कार्यकुशलता और जवाबदेही बनाए रखने के लिए अपर जिलाधिकारियों को समय-समय पर औचक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *