शिक्षक संघ ने डीईओ को सौंपा ज्ञापन, वेतन विसंगति सहित कई मांगें उठाईं


राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ ने वेतन विसंगति, पेंशन, प्रतियोगी परीक्षा ड्यूटी और शारीरिक शिक्षकों के स्थाईकरण सहित विभिन्न शिक्षक समस्याओं के समाधान की मांग की।

सवाई माधोपुर। राजस्थान पंचायती राज एवं माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला शाखा सवाई माधोपुर के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश प्रवक्ता राहुल सिंह गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष कन्हैयालाल सैनी एवं जिलाध्यक्ष मोहम्मद जाकिर के नेतृत्व में जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) देवीलाल मीना तथा जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हरकेश मीना को अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर विभिन्न शिक्षक समस्याओं के समाधान की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने दोनों अधिकारियों के साथ शिक्षक हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की और शीघ्र समाधान की मांग उठाई।

प्रारंभिक शिक्षा विभाग में वेतन विसंगति और पेंशन का मुद्दा उठा

प्रदेश प्रवक्ता राहुल सिंह गुर्जर ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) को दिए गए ज्ञापन में वर्ष 2008 में नियुक्त तृतीय श्रेणी शिक्षकों एवं प्रबोधकों की वेतन विसंगति का शीघ्र निस्तारण करने की मांग की गई। इसके अलावा सेवानिवृत्त शिक्षक जसराज सिंह चौहान के पेंशन प्रकरण में ऑनलाइन तकनीकी खामी दूर कर पेंशन प्रक्रिया पूर्ण कराने सहित अन्य शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।

उन्होंने बताया कि इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी के साथ सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई और समस्याओं के समाधान को लेकर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन मिला।

प्रतियोगी परीक्षा ड्यूटी में पारदर्शिता की मांग

प्रदेश उपाध्यक्ष कन्हैयालाल सैनी ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) को दिए गए ज्ञापन में शारीरिक शिक्षक भर्ती-2022 में नियुक्त शिक्षकों का शीघ्र स्थाईकरण करने, प्रतियोगी परीक्षाओं में वीक्षक ड्यूटी पूरी पारदर्शिता के साथ लगाने, प्रत्येक कार्मिक की ड्यूटी केवल एक ही पारी में सुनिश्चित करने तथा माध्यमिक सेटअप में कार्यरत वर्ष 2008 के प्रबोधकों एवं तृतीय श्रेणी शिक्षकों की वेतन विसंगति का समाधान करने की मांग की गई।

सकारात्मक कार्रवाई का मिला आश्वासन

ज्ञापन पर चर्चा के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) हरकेश मीना ने संगठन की मांगों पर नियमानुसार सकारात्मक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षक हितों से जुड़े सभी लंबित मुद्दों के समाधान तक संगठन संवाद और संघर्ष दोनों माध्यमों से प्रयास जारी रखेगा, ताकि शिक्षकों को समयबद्ध न्याय मिल सके।

इस अवसर पर प्रदेश सलाहकार हरिशंकर गुर्जर, प्रदेश संयुक्त महामंत्री गिर्राज वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र फागना, प्रदीप भारद्वाज, ओमप्रकाश मीना, मोहसिन खान, पिंकेश बैरागी, दलेल सिंह राजावत, विनोद जैन, प्रेम प्रकाश रेगर, राजेश मीना, चंद्रप्रकाश आकोदिया, राकेश मीना, महेश कुमार जोलीया, दिलीप बैरवा, भवानीशंकर रेगर, भुवनेश्वर शर्मा, देशराज मीना सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं शिष्टमंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *