नदबई में ट्रांसफॉरमेटिव ट्यूजडे पर विद्यार्थियों को कानून और नशामुक्ति का संदेश


तालुका विधिक सेवा समिति के शिविरों में न्यायिक अधिकारियों ने नशामुक्ति, बाल विवाह, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक।

नदबई। ट्रांसफॉरमेटिव ट्यूजडे अभियान के तहत तालुका विधिक सेवा समिति, नदबई के तत्वावधान में मंगलवार को दो अलग-अलग विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर एवं संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में न्यायिक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को कानून की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने, बाल विवाह रोकथाम, साइबर सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।

कस्बा स्थित केवीएम विद्यालय में आयोजित शिविर को संबोधित करते हुए अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) इन्द्रप्रकाश सैन ने विद्यार्थियों को नशे की लत से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को नशामुक्त रहने का संकल्प दिलाते हुए वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

इस अवसर पर डॉ. हिमांशु कटारा एवं डॉ. राहुल कटारा भी उपस्थित रहे।

बाल विवाह और साइबर सुरक्षा पर किया जागरूक

वहीं गुरुकुल सीनियर विद्यालय में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश (एडीजे) आशुतोष गोसिन्हा ने विद्यार्थियों को बाल विवाह को कानूनन दंडनीय अपराध बताते हुए इसके सामाजिक और कानूनी दुष्परिणामों से अवगत कराया।

उन्होंने नालसा स्कीम, पीड़ित प्रतिकार स्कीम, यातायात नियमों तथा अन्य महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। साथ ही विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव, मोबाइल फोन के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक प्रदीप उपाध्याय सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *