नदबई में कच्चा कुंडा निर्माण को लेकर बवाल, ठेकेदार पक्ष पर हमला


सौंदर्यकरण कार्य के दौरान दीवार निर्माण को लेकर विवाद, पांच लोग घायल, सुपरवाइजर की गंभीर हालत में भरतपुर रेफर।

नदबई। नदबई के हलैना रोड स्थित कच्चा कुंडा पोखर पर नगर पालिका द्वारा कराए जा रहे सौंदर्यकरण एवं निर्माण कार्य के दौरान मंगलवार को दीवार निर्माण को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि ठेकेदार पक्ष और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट हो गई। घटना में ठेकेदार सहित पांच लोग घायल हो गए, जबकि गंभीर रूप से घायल सुपरवाइजर को प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर रेफर किया गया।

पुलिस के अनुसार बिरहरु, तहसील कुम्हेर (डीग) निवासी नकुल राज पुत्र दुलीचंद ने नदबई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया कि वह अपने साथी सुपरवाइजर उमेश और आकाश के साथ शाम करीब 5 बजे नगर पालिका की स्वीकृत निविदा के अनुसार कच्चा कुंडा, जाटव मोहल्ला क्षेत्र में सौंदर्यकरण एवं निर्माण कार्य करा रहा था।

दीवार निर्माण को लेकर हुआ विवाद

रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान करीब आठ से दस महिला एवं पुरुष मौके पर पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उनके हाथों में लाठी, डंडे, सरिए और फावड़े थे। उन्होंने निर्माणाधीन दीवार को लेकर आपत्ति जताई और कथित रूप से गाली-गलौच शुरू कर दी।

शिकायत में कहा गया है कि समझाने के बावजूद संबंधित लोगों ने निर्माणाधीन दीवार को तोड़ना शुरू कर दिया। जब ठेकेदार और उसके साथियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो उनके साथ मारपीट की गई।

पांच लोग घायल, जांच में जुटी पुलिस

मारपीट में नकुल राज, सुपरवाइजर उमेश और आकाश सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल सुपरवाइजर को प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर रेफर किया गया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमर सिंह राठौड़ ने बताया कि पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *