16 से 23 सितंबर तक नैनीताल में आयोजित होने वाले नन्दा सुनन्दा देवी महोत्सव को भव्य, दिव्य और प्लास्टिक मुक्त बनाने पर रहेगा विशेष जोर।
नैनीताल। 124वें नन्दा सुनन्दा देवी महोत्सव मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों, श्री राम सेवक सभा, व्यापार मंडल, होटल एसोसिएशन तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक में आगामी 16 से 23 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले मेले को भव्य, दिव्य एवं उत्तराखंड की लोक संस्कृति के अनुरूप संपन्न कराने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि नन्दा सुनन्दा देवी महोत्सव मेला जनपदवासियों की आस्था और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
लोक संस्कृति और स्थानीय कलाकारों को मिलेगी प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि मेले के दौरान आयोजित होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित होंगे। स्थानीय लोक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाएगी ताकि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के सामने प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि मेले में हाउस ऑफ हिमालया ब्रांड, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों के विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा।
प्लास्टिक मुक्त होगा मेला परिसर
बैठक में मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने का निर्णय लिया गया। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को पूरे शहर में स्वच्छता बनाए रखने, पर्याप्त मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने तथा ठंडी सड़क सहित प्रमुख मार्गों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर पालिका को पंडाल, मंच, स्टॉल एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए समय पर पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया पूरी करने को भी कहा गया।
डोला मार्गों की होगी मरम्मत
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन मार्गों से नन्दा देवी डोला यात्रा निकलेगी, उनका लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका और सिंचाई विभाग संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत कार्य समय रहते पूरा करें। लोअर मॉल रोड को भी मेले से पूर्व सुचारु करने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीण निर्माण विभाग को डीएसए मैदान में जलभराव की समस्या दूर करने तथा मेला क्षेत्र में कीचड़ रोकने के लिए आवश्यक कार्य करने को कहा गया।
सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात पर विशेष फोकस
बैठक में पुलिस विभाग को सीसीटीवी निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परिवहन विभाग को श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अतिरिक्त रोडवेज बसों और पार्किंग व्यवस्था करने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग मेले के दौरान स्वास्थ्य शिविर लगाएगा, जहां आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। विद्युत विभाग को झूलते तार ठीक करने तथा वन विभाग को मार्गों में बाधा बन रहे पेड़ों की लॉपिंग कराने के निर्देश दिए गए।
मुख्य मेले के दिन शराब की दुकानें रहेंगी बंद
बैठक में निर्णय लिया गया कि मुख्य मेले के दिन नैनीताल मुख्यालय की सभी ठेका मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी। साथ ही सूचना, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग को प्रतिदिन होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक सरिता आर्या, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, अपर जिलाधिकारी शौरभ असवाल, पुलिस अधीक्षक (यातायात) जगदीश चंद्र, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक, श्री राम सेवा समिति, होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।