भीलवाड़ा में बालिकाओं को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, भाविप शिविर का समापन


कल्कीपुरा विद्यालय में तीन दिवसीय शिविर के दौरान 110 छात्राओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक गुर सिखाए गए, सम्मान समारोह के साथ हुआ समापन।

भीलवाड़ा। भारत विकास परिषद, नेताजी सुभाष शाखा के तत्वावधान में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, कल्कीपुरा में आयोजित तीन दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन हुआ। शिविर का उद्देश्य बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक बनाना रहा। प्रतिदिन प्रातः 7:30 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

शिविर के तीसरे एवं अंतिम दिन प्रशिक्षिका साक्षी सोनी ने करीब 110 बालिकाओं को आत्मरक्षा के व्यावहारिक प्रशिक्षण दिए। उन्होंने छात्राओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनने की प्रेरणा देते हुए वर्तमान समय में आत्मरक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

व्यावहारिक तकनीकों से कराया परिचित

प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को शरीर के संवेदनशील अंगों जैसे नासिका, सूर्य चक्र एवं जठर पर प्रहार कर संकट की स्थिति से सुरक्षित बाहर निकलने के प्रभावी तरीके बताए गए। साथ ही शरीर के मर्मस्थलों की जानकारी देते हुए आपातकालीन परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए विभिन्न तकनीकों का अभ्यास भी कराया गया।

परिषद पदाधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की प्रांतीय महिला प्रमुख शारदा चेचानी, शाखा महिला प्रमुख मधु लढ़ा, महिला सहभागिता संयोजिका करुणा लोहिया, महिला जागरूकता प्रभारी सुनीता नराणीवाल, उषा सोमानी सहित परिषद की अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं।

सम्मान समारोह के साथ हुआ समापन

शिविर के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों का तिलक लगाकर एवं उपरना ओढ़ाकर सम्मान किया गया। प्रशिक्षिका साक्षी सोनी का भी सम्मान कर उनके योगदान की सराहना की गई। अंत में सुनीता नराणीवाल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

विद्यालय परिवार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि बालिकाओं में आत्मविश्वास, साहस और सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित हो सके। कार्यक्रम सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायी एवं उपयोगी सिद्ध हुआ।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *