भीलवाड़ा में आचार्य पुलक सागर का आरएसडब्ल्यूएम आगमन, जवाहर फाउंडेशन की सराहना


आचार्य पुलक सागर महाराज ने जनसेवा कार्यों की प्रशंसा करते हुए रिजु झुनझुनवाला से मिलने की इच्छा जताई और आशीर्वाद स्वरूप पुस्तक भेंट की।

भीलवाड़ा। शहर के चित्तौड़ रोड स्थित एलएनजे भीलवाड़ा ग्रुप की औद्योगिक इकाई आरएसडब्ल्यूएम मंडपम में गुरुवार को जैन समाज के पूज्य आचार्य पुलक सागर महाराज का शुभ आगमन हुआ। इस अवसर पर संस्थान का वातावरण आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी बना रहा। आरएसडब्ल्यूएम के बिजनेस हेड वाई. डी. तिवारी ने आचार्य का स्वागत करते हुए उन्हें जवाहर फाउंडेशन द्वारा समाजहित में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक कार्यों की विस्तृत जानकारी दी।

इस दौरान फाउंडेशन की गतिविधियों से संबंधित न्यूजलेटर भी आचार्य पुलक सागर महाराज को भेंट किया गया। जनसेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यों की जानकारी प्राप्त कर आचार्य ने प्रसन्नता व्यक्त की और इन प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की।

रिजु झुनझुनवाला से मिलने की जताई इच्छा

आचार्य पुलक सागर महाराज ने जवाहर फाउंडेशन के संरक्षक रिजु झुनझुनवाला से भेंट करने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने उनके लिए अपने आशीर्वाद स्वरूप एक पुस्तक (बुकलेट) भी भेंट की। इस अवसर को फाउंडेशन परिवार ने सम्मान और प्रेरणा का क्षण बताया।

सात वर्षों से समाजसेवा में सक्रिय है फाउंडेशन

फाउंडेशन प्रभारी रजनीश वर्मा ने बताया कि जवाहर फाउंडेशन पिछले सात वर्षों से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सेवा कार्य कर रहा है। संस्था कला, खेलकूद, सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण, संगीत, महिला सशक्तिकरण, खाद्य सुरक्षा, रोजगार सृजन, सघन वृक्षारोपण तथा स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान जैसे अनेक जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

उन्होंने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा और विकास की योजनाओं को प्रभावी रूप से पहुंचाना तथा सामाजिक सरोकारों को मजबूत करना है।

समाज सेवा को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

आचार्य पुलक सागर महाराज ने कहा कि सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति समर्पित संस्थाओं के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तन संभव है और ऐसे प्रयास समाज को नई दिशा प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि सेवा भावना से किए गए कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनते हैं तथा समाज में विश्वास, सहयोग और विकास की भावना को मजबूत करते हैं।

प्रेरणादायी रहा आचार्य का आगमन

आरएसडब्ल्यूएम एवं जवाहर फाउंडेशन परिवार ने आचार्य पुलक सागर महाराज के आगमन को प्रेरणादायी एवं गौरवपूर्ण अवसर बताया। उपस्थित लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके आशीर्वाद से भीलवाड़ा जिला सुख, समृद्धि और विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *