जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अवैध बसों, अंडरएज ड्राइविंग, ट्रैफिक प्रबंधन और अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर दिए गए अहम निर्देश।
प्रयागराज। प्रयागराज सड़क सुरक्षा समिति की बैठक शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, सड़क सुरक्षा नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने, जाम की समस्या दूर करने तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग (यातायात) को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र में लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए चिन्हित स्थायी होर्डिंग क्षेत्रों का समुचित निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, ताकि यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
जीरो रोड पर अवैध बसों के खिलाफ होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग एवं एआरएम रोडवेज को निर्देश दिए कि जीरो रोड क्षेत्र में अवैध रूप से खड़ी बसों एवं अन्य वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई की जाए और यातायात को सुचारु बनाया जाए।
उन्होंने एआरएम रोडवेज को निर्देशित किया कि सभी बसों का रूट चार्ट तैयार कर उसी के अनुरूप नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए। यदि कोई चालक या परिचालक निर्धारित मार्ग के विपरीत बस संचालित करता पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।
ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले बस चालकों पर सख्ती
बैठक में जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग और पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि यदि कोई पंजीकृत बस चालक ट्रैफिक सिग्नल का उल्लंघन करता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
घायलों के उपचार और अस्पतालों की सुरक्षा पर जोर
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं पुलिस विभाग (यातायात) को निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री राहत कोष योजना तथा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुरूप सड़क दुर्घटना में घायलों के उपचार के बाद व्यय राशि के भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
इसके साथ ही उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि पुलिस विभाग, विद्युत विभाग और अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अस्पतालों का संयुक्त निरीक्षण करें तथा विद्युत एवं अग्नि सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
शहरी मार्गों पर क्रेन और वेंडिंग जोन की व्यवस्था
बैठक में नगर निगम को निर्देशित किया गया कि शहर के प्रमुख मार्गों पर आवश्यकता के अनुसार क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नगर आयुक्त को आवश्यक पत्र भेजा जाए, ताकि दुर्घटना अथवा अन्य आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत मिल सके।
इसके अलावा प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) एवं नगर निगम को निर्देश दिए गए कि स्ट्रीट वेंडर्स की संख्या को व्यवस्थित करते हुए उन्हें निर्धारित वेंडिंग जोन में स्थानांतरित किया जाए, जिससे सड़कों पर अतिक्रमण कम हो और यातायात सुचारु बना रहे।
अंडरएज ड्राइविंग और स्कूल वाहनों पर बढ़ेगी निगरानी
जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि अंडरएज ड्राइविंग तथा मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने वाले स्कूली वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई और तेज की जाए।
उन्होंने यातायात पुलिस को यह भी निर्देश दिए कि आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के माध्यम से किए गए चालानों का मार्गवार विवरण उपलब्ध कराया जाए तथा शहर में लगाए गए सभी ट्रैफिक कैमरे हर समय क्रियाशील स्थिति में रहें।
सात दिन में अनुपालन रिपोर्ट देने के निर्देश
बैठक के अंत में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का सात दिनों के भीतर शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के बाद अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।