मिशन सेफ फ्यूचर अभियान में 301 वाहनों का चालान, 38 वाहन सीज; 15 दिन में फिटनेस नहीं कराने पर कार्रवाई के निर्देश।
प्रयागराज। प्रयागराज में बिना फिटनेस चल रहे स्कूल वाहनों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को संगम सभागार में उनकी अध्यक्षता में जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों के साथ छात्र-छात्राओं की सुरक्षा तथा स्कूलों के बाहर लगने वाले अनावश्यक जाम की समस्या पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने परिवहन विभाग द्वारा बिना फिटनेस, बिना परमिट एवं आवश्यक सुरक्षा उपकरणों के संचालित स्कूली वाहनों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा की। इस दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि 1 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक “मिशन सेफ फ्यूचर” अभियान चलाया गया, जिसके तहत स्कूल वाहनों के फिटनेस, परमिट एवं अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की गई।
301 वाहनों का चालान, 38 वाहन किए गए निरुद्ध
अभियान के दौरान 104 वाहन बिना फिटनेस एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित पाए गए। कार्रवाई करते हुए 301 वाहनों का चालान किया गया तथा 38 वाहनों को निरुद्ध (सीज) किया गया।
इसके अलावा परिवहन कार्यालय की ओर से फिटनेस समाप्त हो चुके 324 स्कूली वाहनों को नोटिस जारी किए गए हैं। बैठक में 307 फिटनेस समाप्त वाहनों की सूची जिला विद्यालय निरीक्षक को भी उपलब्ध कराई गई।
15 दिन में फिटनेस नहीं कराई तो होगी कार्रवाई
बैठक में संबंधित विद्यालयों को निर्देश दिए गए कि आगामी 15 दिनों के भीतर सभी स्कूली वाहनों की फिटनेस अनिवार्य रूप से कराई जाए।
परिवहन विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया कि यदि निर्धारित समय सीमा में वाहनों की फिटनेस नहीं कराई गई तो संबंधित विद्यालयों की मान्यता रद्द किए जाने का अनुरोध किया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अभियान को आगे भी लगातार जारी रखने तथा प्रवर्तन की कार्रवाई में और तेजी लाने के निर्देश दिए।
स्कूलों के बाहर जाम खत्म करने की बनेगी कार्ययोजना
जिलाधिकारी ने स्कूलों के बाहर बच्चों के आने-जाने के समय लगने वाले जाम को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी नगर, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी तथा एसीपी ट्रैफिक को संयुक्त रूप से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं प्रबंधकों के साथ बैठक कर जाम की समस्या के समाधान के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए तथा उसके अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
स्कूल परिसर में ही बच्चों को चढ़ाने-उतारने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि बच्चों को वाहन में स्कूल परिसर अथवा खेल मैदान के भीतर ही सुरक्षित रूप से चढ़ाया एवं उतारा जाए, ताकि मुख्य मार्ग पर अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी स्कूल वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े किए जाएं और विद्यालय के सामने सड़क पर बच्चों को चढ़ाने-उतारने की व्यवस्था पूरी तरह समाप्त की जाए।
विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति का गठन अनिवार्य
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विद्यालयों में गठित विद्यालय परिवहन सुरक्षा समिति की स्थिति की जानकारी ली। जिन विद्यालयों में अभी तक समिति का गठन नहीं हुआ है, उन्हें तत्काल समिति गठित कर नियमित बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान विद्यालय प्रबंधन को उत्तर प्रदेश मोटरयान (छब्बीसवां संशोधन) नियमावली, 2018 के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया तथा स्कूली वाहनों के संचालन एवं नियमन संबंधी नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
सुरक्षा उपकरण और अनुभवी चालक अनिवार्य
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि स्कूली वाहनों के परमिट, फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण-पत्र, बीमा सहित सभी आवश्यक दस्तावेज वैध होने चाहिए। बिना वैध दस्तावेजों वाले वाहनों का उपयोग विद्यार्थियों के परिवहन में नहीं किया जाए।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रत्येक वाहन में पारदर्शी फर्स्ट एड बॉक्स, सीसीटीवी कैमरे, वीएलटीडी, स्पीड गवर्नर, खिड़कियों पर जाली तथा बच्चों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने के लिए सीढ़ी जैसी सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध हों।
इसके अलावा विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अनुभवी चालकों एवं सहायकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने तथा अभिभावकों एवं छात्रों को सड़क सुरक्षा के प्रति लगातार जागरूक करने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें:

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।