नदबई में 72.65 प्रतिशत मतदान, बरौलीछार बूथ पर सबसे अधिक वोटिंग


पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण में 156 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 से शाम 6 बजे तक हुआ शांतिपूर्ण मतदान, दो बूथों पर बदली गई ईवीएम

नदबई। नदबई में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के तहत मंगलवार को पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ। क्षेत्र में कुल 72.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू होकर शाम 6 बजे तक चली। मतदान के दौरान क्षेत्र के कई केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ दिखाई दी, जबकि कुछ मतदान केंद्रों पर दोपहर बाद मतदाताओं की कतारें लगी रहीं।

बरौलीछार बूथ पर सबसे अधिक और ऊंच पर सबसे कम मतदान

मतदान प्रतिशत के आंकड़ों के अनुसार नदबई क्षेत्र में सबसे कम मतदान ऊंच स्थित बूथ संख्या 13 पर हुआ, जहां 55.36 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, सबसे अधिक मतदान बरौलीछार के बूथ संख्या 31 पर दर्ज किया गया, जहां 86.71 प्रतिशत मतदान हुआ।

मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। महिला, युवा और बुजुर्ग मतदाता भी लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाने के लिए मतदान केंद्रों पर कतारों में खड़े नजर आए। मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग कर पंचायत समिति सदस्य के चुनाव में भाग लिया।

नदबई में 1 लाख 40 हजार से अधिक मतदाता

प्राप्त जानकारी के अनुसार नदबई पंचायतीराज चुनाव में कुल 1,40,477 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 75,255 पुरुष और 65,232 महिला मतदाता शामिल हैं। वहीं, नदबई के 27 वार्डों में राजनीतिक दलों के 55 प्रत्याशी और 150 निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।

दो मतदान केंद्रों पर तकनीकी खराबी के चलते बदली ईवीएम

मतदान प्रक्रिया के दौरान दो अलग-अलग मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी खराबी आने के कारण मशीनें बदलनी पड़ीं। विभागीय सूत्रों के अनुसार ग्राम पंचायत नयावास के बूथ संख्या 28 पर जिला परिषद सदस्य के मतदान की ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी आई। इसके बाद मशीन को बदलकर मतदान प्रक्रिया शुरू कराई गई।

इसी प्रकार ग्राम पंचायत खटोटी के बूथ संख्या 81 पर पंचायत समिति सदस्य के मतदान की ईवीएम मशीन में तकनीकी खराबी के चलते उसे भी बदला गया। दोनों स्थानों पर मशीन बदलने की प्रक्रिया के दौरान करीब आधे घंटे तक मतदान बाधित रहा। इसके बाद मतदान फिर से सुचारू रूप से शुरू कराया गया।

जिला कलेक्टर और एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

मतदान के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और अधिक से अधिक मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन मुस्तैद रहा। जिला कलेक्टर कमर चौधरी और पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने डहरा और हंतरा स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से चर्चा कर मतदान व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।

जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों से शांतिपूर्ण एवं निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की। उन्होंने मतदाताओं को लोकतंत्र में प्रत्येक वोट की महत्ता बताते हुए अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रत्याशियों को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान प्रक्रिया में प्रशासन का सहयोग करने तथा आदर्श आचार संहिता की पालना करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री के पिता ने पैतृक गांव अटारी में किया मतदान

लोकतंत्र के पर्व में प्रत्येक वोट की महत्ता को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पिता किशनस्वरूप शर्मा ने भी अपने पैतृक गांव अटारी में मतदान किया। उन्होंने मतदान केंद्र पर पहुंचकर कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार किया और मतदान की सभी निर्धारित प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद अटारी के बूथ संख्या 112 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान करने के बाद मुख्यमंत्री के पिता ने ग्रामीणों को भी प्रत्येक मत की महत्ता समझाते हुए मतदान करने का आह्वान किया। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील की।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *