आयुक्त ने किया जिलाधिकारी कार्यालय का वार्षिक निरीक्षण, लंबित वादों पर सख्त निर्देश


कुमाऊं आयुक्त ने जिलाधिकारी कार्यालय के विभिन्न अनुभागों का निरीक्षण कर पारदर्शिता, समयबद्ध निस्तारण और अभिलेखों के बेहतर रखरखाव पर जोर दिया।

नैनीताल। नैनीताल कलक्ट्रेट का वार्षिक निरीक्षण करते हुए कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने जिलाधिकारी कार्यालय के विभिन्न अनुभागों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की और लंबित वादों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

आयुक्त ने जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय, शस्त्र अनुभाग, आरटीआई अनुभाग, राजस्व अभिलेखागार, भू-अभिलेख अनुभाग सहित विभिन्न पटलों का गहन निरीक्षण कर अभिलेखों और कार्यप्रणाली का अवलोकन किया।

लंबित वादों पर जताई नाराजगी

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) के न्यायालय के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम, गुंडा नियंत्रण अधिनियम तथा स्टांप अधिनियम से संबंधित लंबित वादों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की।

उन्होंने पाया कि न्यायालय में लंबित प्रकरणों के निस्तारण की गति अपेक्षाकृत धीमी है, जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह नियमित रूप से लंबित मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले दो माह के भीतर सभी लंबित वादों एवं प्रकरणों का निस्तारण हर हाल में किया जाए। निर्धारित अवधि में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लिया जाएगा।

खाद्य सुरक्षा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

आयुक्त दीपक रावत ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रभावी पालन के लिए व्यापक एवं सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है, ताकि आमजन को सुरक्षित एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

राजस्व अभिलेखागार में पारदर्शिता पर दिया जोर

राजस्व अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने भूमि एवं राजस्व संबंधी नकल प्राप्त करने के लिए आने वाले आवेदनों, पंजिका में उनके अंकन तथा समय पर नकल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जानकारी ली।

उन्होंने पाया कि नकल प्राप्ति से संबंधित कुछ आवेदनों का पंजिका में समय पर अंकन नहीं किया गया था। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि नकल प्राप्ति हेतु मिलने वाले प्रत्येक आवेदन का उसी दिन पंजिका में अंकन किया जाए तथा आवेदक को समय पर नकल उपलब्ध कराई जाए।

उन्होंने कहा कि सभी कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के संबंध में संबंधित पटल सहायकों एवं कार्मिकों से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया तो संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की जाएगी।

हर माह होगा राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण

आयुक्त ने निर्देश दिए कि दोनों अपर जिलाधिकारी प्रत्येक माह एक-एक बार राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण करेंगे। इसके लिए उन्होंने जिलाधिकारी को रोस्टर जारी करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं को अधिक सुदृढ़, सरल और पारदर्शी बनाने के लिए प्रत्येक माह सीसीटीवी रिकॉर्डिंग का भी अवलोकन अपर जिलाधिकारी द्वारा किया जाए।

शस्त्र और खनन अनुभाग के कार्यों की सराहना

शस्त्र पटल और खनन पटल के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संपादित कार्यों और प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक माह अपने क्षेत्र के गन हाउस का गहन निरीक्षण करना सुनिश्चित करें।

जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय की प्रगति पर जताया संतोष

जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने विभिन्न लंबित एवं निस्तारित वादों की जानकारी लेने के साथ पत्रावलियों का अवलोकन किया। उन्होंने जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में लंबित मामलों के निस्तारण की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इसी प्रकार अपर जिलाधिकारी भी अपने न्यायालयों में लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।

गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ स्वागत

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सौरभ असवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलीक, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनिल शर्मा, मुरलीधर सहित सभी संबंधित पटल सहायक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इससे पूर्व कलक्ट्रेट पहुंचने पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत का पुस्तक भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *