पत्रकारों ने हमलों और धमकियों पर जताई चिंता, जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सुरक्षा और कार्रवाई का दिया भरोसा।
प्रयागराज। पत्रकारों की सुरक्षा और निर्भय कार्य वातावरण को लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा एवं एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने पत्रकारों के साथ हाल के दिनों में हुई घटनाओं से अधिकारियों को अवगत कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था की मांग की।
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि पत्रकार निर्भय होकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि कोई अराजक तत्व पत्रकारों को परेशान करता है या नुकसान पहुंचाने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने भी दिए कार्रवाई के निर्देश
प्रतिनिधिमंडल ने एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. अजय पाल शर्मा को भी ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित थाना प्रभारियों को दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पत्रकारों को सम्मानजनक और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है।
महिला पत्रकार से अभद्रता का मामला उठाया
ज्ञापन में बताया गया कि 25 जुलाई को प्रयागराज में छात्रों के प्रदर्शन की कवरेज के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने महिला पत्रकार अनम फातिमा सहित कई पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार किया।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि महिला पत्रकार के साथ अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया गया और उन्हें शारीरिक क्षति भी पहुंचाई गई। महिला पत्रकार ने इस संबंध में जिलाधिकारी को पूरी घटना की जानकारी दी।
खबर प्रकाशित करने पर पत्रकार को धमकी देने का आरोप
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि नवाबगंज थाना क्षेत्र निवासी राष्ट्रीय समाचार चैनल के पत्रकार विकास मिश्रा ने क्षेत्र में तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़ी खबर प्रसारित की थी।
आरोप है कि खबर से नाराज कुछ लोगों ने उन्हें रास्ते में रोककर धमकी दी और भविष्य में इस प्रकार की खबर प्रकाशित या प्रसारित करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
पत्रकार सुरक्षा के लिए ठोस नीति की मांग
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया क्लब के संस्थापक संरक्षक वीरेंद्र पाठक ने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकारों को कई बार दबाव, धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए ठोस नीति और प्रभावी नियम बनाए जाने की आवश्यकता है, जिससे पत्रकार बिना भय के अपने कर्तव्यों का पालन कर सकें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
डीएम ने दिया हरसंभव सहयोग का भरोसा
जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में अनम फातिमा, आरव भारद्वाज, अरविंद सिंह, विकास मिश्रा, शम्स ताज, धीरज, आयुष श्रीवास्तव, हिमांशु राज, राजिक सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें :

Prayagraj, Ouuta Pradesh
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।