भारी बारिश की चेतावनी के बीच प्रशासन हाई अलर्ट पर, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश।
नैनीताल। नैनीताल जनपद में 30 जुलाई (गुरुवार) के लिए मौसम विभाग ने भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी विभागों के अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से अनावश्यक यात्रा से बचने तथा पूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि लगातार बारिश के दौरान नदियां, नाले और गधेरे उफान पर रहते हैं। ऐसे में लोग इन स्थानों के आसपास जाने से बचें और किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।
कोहरे और बारिश से प्रभावित हुआ जनजीवन
सरोवर नगरी नैनीताल में बुधवार सुबह से ही घना कोहरा और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा। खराब मौसम के कारण कई स्थानों पर दृश्यता काफी कम हो गई, जिससे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
प्रशासन ने कहा कि यदि अत्यंत आवश्यक न हो तो लोग यात्रा करने से बचें। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार वर्षा के चलते चट्टानों से पत्थर गिरने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
भूस्खलन प्रभावित मार्गों पर विशेष निगरानी
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में सड़कों पर मलबा और गिरे हुए पेड़ों को तत्काल हटाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अधिकारियों को संवेदनशील मोटर मार्गों पर जेसीबी मशीनों तथा गैंग कर्मियों की चौबीसों घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात बाधित होने पर तुरंत मार्ग बहाल किया जा सके।
सभी अधिकारी रहेंगे हाई अलर्ट पर
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी मुख्यालय पर हाई अलर्ट की स्थिति में रहें और अपने मोबाइल फोन 24 घंटे चालू रखें। उन्होंने तहसील स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को भी पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़े सभी संसाधन पहले से तैयार रखे जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
आपदा की सूचना इन नंबरों पर दें
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को दें। इसके लिए 05942-231178, 05942-231179, 05942-231181, मोबाइल नंबर 8272080884 तथा टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।