नैनीताल माल रोड पर 1 अगस्त से हॉर्न बजाने पर ₹1000 जुर्माना


ध्वनि प्रदूषण रोकने और पर्यटकों को शांत वातावरण देने के लिए प्रशासन ने माल रोड को हॉर्न मुक्त क्षेत्र घोषित किया।

नैनीताल। नैनीताल की तल्लीताल से मल्लीताल माल रोड पर 1 अगस्त 2026 से हॉर्न बजाने पर ₹1000 का जुर्माना लगाया जाएगा। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और पर्यटकों को शांत एवं सुखद वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके लिए माल रोड क्षेत्र को हॉर्न मुक्त क्षेत्र घोषित करते हुए व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।

कुमाऊं मंडल आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने बताया कि माल रोड पर अत्यधिक शोर-शराबे के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भ्रमण करने में असुविधा होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने 1 अगस्त से इस मार्ग पर हॉर्न बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।

जगह-जगह लगाए जा रहे हैं सूचना बोर्ड

प्रशासन द्वारा माल रोड क्षेत्र में सूचना बोर्ड लगाए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले पर्यटक भी नए नियम की जानकारी प्राप्त कर सकें। इसके अलावा लाउडस्पीकर के माध्यम से भी लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

दीपक रावत ने वाहन चालकों से अपील की कि माल रोड में प्रवेश करते समय हॉर्न का प्रयोग बिल्कुल न करें, जिससे पैदल चलने वाले लोगों और पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उल्लंघन पर लगेगा एक हजार रुपये का जुर्माना

आयुक्त ने बताया कि आदेश का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर ₹1000 का जुर्माना लगाया जाएगा। हालांकि शुरुआती कुछ दिनों तक प्रशासन का मुख्य फोकस जनजागरूकता और प्रचार-प्रसार पर रहेगा। इसके बाद लगातार नियम तोड़ने वालों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की जाएगी।

पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल

प्रशासन का कहना है कि यह कदम ध्वनि प्रदूषण कम करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा नैनीताल आने वाले पर्यटकों को शांत और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से इस अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से नैनीताल को अधिक शांत, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाया जा सकता है।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *