लंबित मांगों, स्थानांतरण और शिक्षा विभाग के आदेशों के विरोध में शिक्षक संघ ने आंदोलन तेज करने का लिया निर्णय।
जयपुर। राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) की संरक्षक मंडल एवं स्थाई समिति की संयुक्त बैठक शनिवार को संगठन के प्रांतीय कार्यालय में मुख्य संरक्षक एवं प्रशासनिक अध्यक्ष सियाराम शर्मा के सानिध्य तथा प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों, शिक्षा विभाग की नीतियों तथा आगामी आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रदेश महामंत्री रामदयाल मीणा ने बताया कि संगठन लंबे समय से शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों के समाधान के लिए संघर्ष कर रहा है। प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष नवीन कुमार शर्मा ने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान उपशाखा एवं जिला स्तर पर प्रदर्शन, ज्ञापन, जिला मुख्यालयों पर सद्बुद्धि यज्ञ तथा रामगंजमंडी में विशाल शिक्षक रैली आयोजित करने के बावजूद शिक्षा मंत्री एवं शिक्षा विभाग ने मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया।
मांगें नहीं मानी गईं तो होगा दिल्ली कूच
संघर्ष समिति के संयोजक उम्मेद सिंह डूडी ने कहा कि शिक्षा, शिक्षार्थियों और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों पर सरकार एवं शिक्षा मंत्री का रवैया निराशाजनक रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन हजारों शिक्षकों के साथ दिल्ली कूच कर बड़ा आंदोलन करेगा।
5 अगस्त के आंदोलन को दिया समर्थन
अतिरिक्त प्रदेश महामंत्री सोहन लाल गुप्ता ने बताया कि बैठक में तृतीय वेतन श्रंखला शिक्षक संघर्ष समिति द्वारा स्थानांतरण की मांग को लेकर 5 अगस्त को जयपुर में प्रस्तावित आंदोलन को राजस्थान शिक्षक संघ (सियाराम) की ओर से पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया गया।
रात्रि विश्राम आदेश वापस लेने की मांग
बैठक में पीईईओ सहित शिक्षा विभाग के अधिकारियों को प्रत्येक माह चार रात्रि गांवों में विश्राम करने के हाल ही में जारी आदेशों को अव्यावहारिक बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि यह आदेश व्यावहारिक परिस्थितियों के अनुरूप नहीं है और इससे शिक्षकों एवं अधिकारियों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
संगठनात्मक गतिविधियों पर भी हुई चर्चा
बैठक में सदस्यता अभियान, कार्यकर्ताओं के अभ्यास वर्ग, प्रवास कार्यक्रम तथा संगठन को मजबूत बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। संगठन ने शिक्षकों से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक को सियाराम शर्मा, सुरेश चंद शर्मा, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, लक्ष्मीनारायण स्वामी, रणवीर सिंह गोदारा, वीरेन्द्र शर्मा, रामदयाल मीणा, नवीन कुमार शर्मा, उम्मेद सिंह डूडी, हेमंत जांगिड़, निरंजन लाल शर्मा, बनवारीलाल सैनी, मीना मंसूरिया, राजुद्दीन कुरेशी, सोहन लाल गुप्ता, हनुमान प्रसाद बैरवा, राजेंद्र पारीक, टीकेन्द्र सिंह मीणा, सुबेन्द्र सिंह बिजारणियां, नरेश कुमार, नरेंद्र सिंह, विजय कुमार शर्मा, देवेन्द्र सिंह राठौर, रामस्वरूप वर्मा, अमित कुमार योगी, विनोद कुमार मीना, कैलाश चंद मीणा, डॉ. अमित कुमार मीना, दिनेश सिंह सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
यह भी पढ़ें:

Gangapur City, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।