जलापूर्ति बाधित होने से कई वार्डों में पेयजल संकट, 900 से 1000 रुपये तक पहुंची टैंकरों की कीमत।
डीग। शहर में इन दिनों भीषण जल संकट से आमजन परेशान हैं। कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति ठप होने के कारण लोगों को पीने के पानी के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि नागरिक 60 रुपये प्रति ड्रम पानी खरीदने को मजबूर हैं, जबकि पानी के टैंकरों की कीमत 900 से 1000 रुपये तक पहुंच गई है।
जलापूर्ति प्रभावित होने से लोगों को पीने के पानी के साथ-साथ नहाने, कपड़े धोने और शौच जैसी दैनिक आवश्यकताओं के लिए भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शहर के अनेक परिवारों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
इन इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी
शहर के तेली पाड़ा मोहल्ला, ठाकुर मोहल्ला, किशनपुर, सौघर मोहल्ला, सेऊ वाली गली, द्वारिकाधीश मंदिर वाली गली, तलैया मंदिर के पास सहित कई क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित होने से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से नियमित पानी नहीं मिलने के कारण उन्हें निजी टैंकरों और पानी के ड्रमों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
महंगे हुए टैंकर, बढ़ा आर्थिक बोझ
जल संकट बढ़ने के साथ ही निजी पानी के टैंकरों की मांग भी बढ़ गई है। इसके चलते टैंकर संचालक 900 से 1000 रुपये तक शुल्क वसूल रहे हैं। वहीं एक ड्रम पानी के लिए भी लोगों को 60 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। इसके बावजूद कई बार पानी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।
आंशिक जलापूर्ति, समाधान का इंतजार
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) की ओर से कुछ क्षेत्रों में आंशिक जलापूर्ति शुरू की गई है, लेकिन शहर के अधिकांश इलाकों में अभी तक नियमित आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। स्थानीय नागरिकों ने विभाग से जल्द से जल्द जलापूर्ति सुचारु करने की मांग की है ताकि लोगों को राहत मिल सके।
यह भी पढ़ें:

डीग, राजस्थान
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।