श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष की हत्या, फेसबुक पेज के माध्यम से ली हत्या की जिम्मेदारी


सुखदेव सिंह गोगामेड़ी को बदमाशों ने घर में घुसकर मारी गोली

जयपुर। श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार दिनदहाड़े स्कूटी सवार बदमाशों ने गोगामेड़ी पर गोलियां चलाईं। फिर भाग निकले। गोगामेड़ी को मेट्रो मास हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, श्याम नगर जनपथ पर सुखदेव सिंह गोगामेड़ी मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान स्कूटी पर दो बदमाश आए। बदमाशों ने गोगामेड़ी पर दो राउंड फायर किए। सूचना पर श्याम नगर पुलिस मौके पर पहुंची। गैंगस्टर रोहित गोदारा ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी ली है। गोगामेड़ी के साथ घटना के दौरान मौजूद रहे अजीत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गोगामेड़ी की हत्या के बाद उनके संगठन से जुडे़ लोगों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

गोगामेड़ी की हत्या के बाद प्रदेशभर में विरोध-प्रदर्शन
श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद पूरे प्रदेश में उबाल है। राजधानी जयपुर, सीकर, चूरू, कोटा समेत कई जिलों में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने कोटा सिटी एसपी कार्यालय परिसर में घुसकर हंगामा किया।
कोटा श्री करणी सेना जिलाध्यक्ष अभिनव सिंह हाड़ा ने कहा, “जिन बदमाशों ने राजपूत समाज के नेतृत्वकर्ता गोगामेड़ी की हत्या की, उन अपराधियों का एनकाउंटर किया जाए। बदमाशों का सहयोग करने वालों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाए, ताकि उनकी पीढ़ियां तक याद रखे।”

यह भी पढ़ें :  Bhilwara : विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण मित्र मंडल ईरांस ने किया वृक्षारोपण

करणी सेना के अध्यक्ष को क्यों मारी गोली? हत्यारे ने खुद बताई वजह

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य रोहित गोदारा ने ली है। हत्या के बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य रोहित गोदारा कपूरी सर नाम के फेसबुक पेज से हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए एक पोस्ट की गई है, जिसमें सुखदेव सिंह गोगामेड़ी पर लॉरेंस के दुश्मनों के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया गया है। फिलहाल पुलिस हत्या की जांच-पड़ताल में जुटी है।


“राम-राम सभी भाइयों को, मैं रोहित गोदारा कपूरीसर, गोल्डी बरार… भाइयों आज यह जो सुखदेव सिंह गोगामेडी की हत्या हुई है, इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी हम लेते हैं। यह हत्या हमने करवाई है। भाइयों मैं आपको बताना चाहता हूं कि यह हमारे दुश्मनों से मिलकर उनका सहयोग करता था। उनको पूर्ण रूप से मजबूत करने का काम करता था और रही बात हमारे दुश्मनों की तो वह अपने घर की चौखट पर अपनी अर्थी तैयार रखें, जल्दी उनसे भी मुलाकात होगी!”

कौन है रोहित गोदारा, जिसने ली हत्या की जिम्मेदारी?

रोहित गोदारा बीकानेर के लूणकरणसर इलाके के कपूरीसर का रहने वाला है। 19 साल की उम्र में ही इसने अपराध की दुनिया में कदम रख दिया था। सबसे पहले रोहित गोदारा पर नोखा के एक व्यक्ति को धमकाने का मामला दर्ज हुआ था। रोहित गोदारा राजू ठेहठ हत्याकांड में भी शामिल था। उस वक्त भी राजू ठेहठ की हत्या की जिम्मेदारी रोहित गोदारा ने ली थी।

यह भी पढ़ें :  पीएम श्री विद्यालय बहज में हुआ दो कमरों का लोकार्पण

18 से अधिक बार जा चुका है जेल

रोहित गोदारा अब तक 18 बार से अधिक बार जेल भी जा चुका है। गोदारा अपनी खुद की तो गैंग चलता ही था, साथ ही मोनू गैंग और गुठली गैंग को भी ऑपरेट करता था। रोहित गोदारा के खिलाफ इंटरपोल ने भी रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सबसे बड़ा बदमाश रोहित गोदारा को माना जाता है। घटना को अंजाम देने के बाद रोहित गोदारा अक्सर दूसरे देशों में फरारी काटता है।

सुखदेव सिंह की हत्या पर क्या बोली करणी सेना?

वहीं राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्याके बाद करणी सेना ने राजस्थान पुलिस पर निशाना साधा है। करणी सेना के प्रमुख सूरज पाल सिंह ‘अम्मू’ ने बताया कि हमारे जैसे जो संगठन काम कर रहे हैं, उनको आए दिन धमकी मिलती रहती है। हमने इसको लेकर कई बार राजस्थान पुलिस को सूचित भी किया है और उनसे सुरक्षा की मांग भी की है, लेकिन हमें सुरक्षा नहीं दी गई।


WhatsApp Channel Join Now
Telegram Group Join Now