नगर माहेश्वरी महिला संस्थान का ‘गौरी-शंकर कार्निवल’ शिव-भक्ति और संस्कृति से सराबोर


सावन-तीज उत्सव में शिव-गौरी थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, ज्ञानवर्धक गतिविधियों और पारंपरिक आयोजनों ने महिलाओं का मन मोह लिया।

भीलवाड़ा। नगर माहेश्वरी महिला संस्थान द्वारा आयोजित ‘गौरी-शंकर कार्निवल’ सावन, तीज, शिव-गौरी भक्ति और भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर रहा। रामेश्वरम भवन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में लगभग 200 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, पारंपरिक वेशभूषा, ज्ञानवर्धक खेलों और मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से सनातन संस्कृति एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ममता मोदानी, सीमा कोगटा, भारती बाहेती, शिखा भदादा एवं निशा काकानी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान पूरा वातावरण सावन और तीज के पारंपरिक रंगों से सराबोर नजर आया।

श्रावण संस्कृति से जुड़ने का श्रेष्ठ अवसर : वीणा मोदी

संस्थान अध्यक्ष वीणा मोदी ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि श्रावण मास भारतीय सनातन संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जुड़ने का सर्वोत्तम अवसर है। उन्होंने युवाओं से सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सांस्कृतिक चेतना को सशक्त बनाते हैं।

संस्थान सचिव विनीता तोषनीवाल ने बताया कि इस वर्ष कार्निवल की थीम “हर खेल में ज्ञान, हर प्रस्तुति में संदेश और हर पल आनंद” रखी गई। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और सामाजिक मूल्यों से जोड़ना है।

शिव-गौरी थीम पर प्रस्तुतियों ने जीता दिल

कार्यक्रम में भोपालगंज, आजाद नगर, बापू नगर एवं आरके आरसी माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से आकर्षक सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किए गए। वहीं पथिक नगर एवं नगर माहेश्वरी महिला संस्थान ने शिव-गौरी प्रसंग, सावन, लहरिया और तीज कथा पर आधारित भावपूर्ण नृत्य-नाटिकाओं का मंचन कर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।

पारंपरिक परिधानों में सजी प्रतिभागियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को सांस्कृतिक उत्सव का स्वरूप प्रदान किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी समूहों को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

ज्ञानवर्धक खेल और मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ महिलाओं के लिए ज्ञानवर्धक खेल, सरप्राइज एक्टिविटीज एवं मनोरंजक प्रतियोगितियों का आयोजन भी किया गया। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

पूरे आयोजन में सावन और तीज की पारंपरिक संस्कृति का जीवंत वातावरण देखने को मिला तथा महिलाओं ने भक्ति, संस्कृति और मनोरंजन के अद्भुत संगम का आनंद लिया।

इनका रहा विशेष योगदान

कार्यक्रम की सफलता में प्रकल्प प्रमुख अन्नू मोदी, रेखा सोडाणी, रीना डाड, लीना कोठारी, रेखा लड्डा, निशा सोनी, चेतना बसेर, कल्पना सोनी, नीलम दरगड़, शीतल अजमेरा, साधना बाहेती, शशि अजमेरा, अंजू सोमानी, स्नेहलता तोषनीवाल, निर्मला बाहेती, अंकिता कोगटा, राज राठी, कृष्णा लढ़ा एवं अनिता सोमानी सहित पूरी टीम का उल्लेखनीय योगदान रहा।

कार्यक्रम का संचालन रीना डाड ने किया। अंत में संस्थान सचिव विनीता तोषनीवाल ने सभी अतिथियों, सहयोगी कार्यकर्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सुमन सोनी, सोनल माहेश्वरी, लीला राठी, गायत्री मूंदड़ा, संध्या आगीवाल, मानकंवर काबरा, राखी राठी सहित लगभग 200 सदस्याओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *