राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद की सदस्यता 15 अगस्त तक निःशुल्क


स्वतंत्रता दिवस पखवाड़े पर राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा की घोषणा, पत्रकारों से संगठन से जुड़ने की अपील।

प्रयागराज। राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने स्वतंत्रता दिवस पखवाड़े के अवसर पर देशभर के पत्रकारों के लिए बड़ी घोषणा की है। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा ने 1 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक संगठन की सदस्यता पूरी तरह निःशुल्क करने की घोषणा की है। इस पहल का उद्देश्य देशभर के पत्रकारों को एक मंच पर संगठित कर उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों को मजबूत करना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि यह विशेष अभियान पत्रकार हितों को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जब तक पत्रकार सुरक्षित नहीं होंगे, तब तक लोकतंत्र भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो सकता। उन्होंने सभी पत्रकारों से इस अवसर का लाभ उठाकर संगठन से जुड़ने का आह्वान किया।

राजभवन में उठीं पत्रकार हितों की प्रमुख मांगें

हाल ही में लखनऊ राजभवन में आयोजित परिषद के महाअधिवेशन में 17 राज्यों से आए पत्रकारों ने भाग लिया। इस दौरान परिषद ने सरकार के समक्ष कई महत्वपूर्ण मांगें रखीं।

इन मांगों में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने, 50 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, आयुष्मान कार्ड की सुविधा, पत्रकारों के बच्चों को निःशुल्क उच्च शिक्षा, पत्रकार वाहनों को टोल टैक्स से छूट तथा निष्पक्ष पत्रकारिता करने वालों पर दर्ज फर्जी मुकदमों पर रोक लगाने की मांग प्रमुख रही।

उपमुख्यमंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन

महाअधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पत्रकारों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि सरकार जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले पत्रकारों की समस्याओं के प्रति गंभीर है। उन्होंने परिषद द्वारा उठाई गई मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और उनके समाधान का प्रयास करने का आश्वासन दिया।

संगठन विस्तार पर विशेष जोर

राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि परिषद का संगठनात्मक विस्तार तेजी से किया जा रहा है। वर्ष 2026 में कई राज्यों और जिलों में नई कार्यकारिणियों का गठन किया जा चुका है। साथ ही तहसील और ब्लॉक स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा पत्रकार उत्पीड़न के मामलों में त्वरित कानूनी सहायता उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया है।

15 अगस्त तक निःशुल्क बन सकते हैं सदस्य

परिषद ने बताया कि इच्छुक पत्रकार 1 अगस्त से 15 अगस्त 2026 के बीच अपने जिले के जिला अध्यक्ष या तहसील प्रभारी से संपर्क कर बिना किसी शुल्क के सदस्यता फॉर्म भर सकते हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा ने सभी पत्रकारों से संगठन से जुड़कर पत्रकारिता के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की लड़ाई को मजबूत बनाने की अपील की।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *