श्रावण और चेहल्लुम पर प्रयागराज प्रशासन सख्त, जारी किए निर्देश


श्रावण मास में मीट-मांस की दुकानें बंद रहेंगी, जुलूस और डीजे के लिए अनुमति अनिवार्य, अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।

प्रयागराज। श्रावण मास और चेहल्लुम के दौरान शांति, कानून व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से यमुनानगर के शंकरगढ़ थाना परिसर में सोमवार को पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अफवाह या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बैठक की अध्यक्षता एसीपी बारा वेदव्यास मिश्रा ने की। इस अवसर पर थानाध्यक्ष सुशील कुमार दुबे, क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु, व्यापारी तथा दोनों समुदायों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

श्रावण मास तक बंद रहेंगी मीट-मांस की दुकानें

बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रावण मास की पवित्रता को देखते हुए क्षेत्र में मीट-मांस की दुकानें बंद रहेंगी। एसीपी वेदव्यास मिश्रा ने व्यापारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध दुकान सील करने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

जुलूस और डीजे के लिए अनुमति जरूरी

थानाध्यक्ष सुशील कुमार दुबे ने कहा कि कांवड़ यात्रा और चेहल्लुम जुलूस निकालने से पहले संबंधित आयोजकों को थाने से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि निर्धारित मार्ग और समय का पालन करना होगा। बिना अनुमति जुलूस निकालने, तेज आवाज में डीजे बजाने या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी

एसीपी वेदव्यास मिश्रा ने बताया कि त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भड़काऊ पोस्ट, फर्जी वीडियो, अफवाह फैलाने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली टिप्पणियां करने वालों के विरुद्ध तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें और अफवाहों से बचें।

सीसीटीवी, ड्रोन और पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी

प्रशासन ने बताया कि संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।

बैठक में उपस्थित सभी समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन के निर्णयों का स्वागत करते हुए शांति, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल-112 या शंकरगढ़ थाना को दें।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *