सांसद कोष से बनेगा आधुनिक गौगृह, वैदिक अनुष्ठान के बीच रखी गई आधारशिला; गौ परिक्रमा और गाय गोद योजना को मिल रहा जनसमर्थन।
भीलवाड़ा। गौसंरक्षण, धार्मिक आस्था और जनसहभागिता के संगम का साक्षी बने माधव गौशाला परिसर में संस्थान के 10वें गौगृह का भव्य भूमि पूजन एवं शिलान्यास वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ। सांसद दामोदर अग्रवाल के सानिध्य एवं सांसद कोष के सहयोग से बनने वाला यह नया गौगृह गौवंश के लिए आधुनिक और सुरक्षित आवासीय सुविधाओं से सुसज्जित होगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम पंडित प्रकाश शर्मा एवं कमलेश शर्मा के सानिध्य में वैदिक विधि-विधान से संपन्न हुआ। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं और गणमान्य नागरिकों ने गौसंरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
शुभ मुहूर्त में रखी गई गौगृह की आधारशिला
कार्यक्रम में नवग्रह पूजन एवं कलश स्थापना के बाद शुभ मुहूर्त में नए गौगृह की नींव रखी गई। आधारशिला के दौरान नींव में हस्तलिखित राम नाम की कॉपियां, नाग-नागिन का जोड़ा, चांदी के कछुए के सिक्के तथा मंगलकारी शिलाएं स्थापित की गईं।
मुख्य यजमान मदन गोपाल धाकड़ ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधियों के बीच हुए इस आयोजन से पूरे गौशाला परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
सांसद सहित गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
भूमि पूजन कार्यक्रम में सांसद दामोदर अग्रवाल, संस्थान अध्यक्ष डी.पी. अग्रवाल, गौशाला संस्थापक सुरेश भाई, सत्यप्रकाश गग्गड़, कैलाश डाड, हेमंत मानसिंहका, सुनील नवाल, श्रवण सेन, सूरज सिंह एवं अजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
सभी ने नए गौगृह के निर्माण को गौसंरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए इसके सफल निर्माण की कामना की।
नर्मदेश्वर महादेव मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा जल्द
संस्थान अध्यक्ष डी.पी. अग्रवाल ने बताया कि माधव गौशाला परिसर में शीघ्र ही नर्मदेश्वर महादेव मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा एवं शिवलिंग स्थापना का भव्य आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गौशाला परिसर में धार्मिक एवं सेवा गतिविधियों को लगातार विस्तार दिया जा रहा है, जिससे गौसेवा के साथ आध्यात्मिक जागरूकता को भी बढ़ावा मिले।
गौ परिक्रमा और गाय गोद योजना को मिल रहा जनसमर्थन
माधव गौशाला में वर्तमान में संचालित गौ परिक्रमा एवं गाय गोद योजना को भी लोगों का अच्छा सहयोग मिल रहा है। श्रद्धालु अपने जन्मदिवस, वैवाहिक वर्षगांठ एवं पुण्य स्मृति जैसे विशेष अवसरों पर गौपूजन कर गौसेवा से जुड़ रहे हैं।
संस्थान पदाधिकारियों के अनुसार जनभागीदारी से संचालित इन गतिविधियों के माध्यम से समाज में गौसेवा और गौसंरक्षण के प्रति सकारात्मक जागरूकता बढ़ रही है। नए गौगृह के निर्माण से गौवंश के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में संस्थान को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें:
Bhilwara, Rajasthan
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।