प्रयागराज में ईद-ए-मिलादुन्नबी पर चाक-चौबंद सुरक्षा, एसीपी बारा ने संभाला मोर्चा


अमिलिया और पचवर में पुलिस ने पैदल गश्त व ड्रोन से निगरानी की, जुलूस शांतिपूर्ण संपन्न कराने के साथ भाईचारे का संदेश दिया।

प्रयागराज। ईद-ए-मिलादुन्नबी (बारावफात) के पावन पर्व पर बारा सर्किल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थाना लालापुर क्षेत्र के अमिलिया और पचवर गांवों में जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई। इस दौरान एसीपी बारा वेदव्यास मिश्रा ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली और पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के साथ क्षेत्र में पैदल गश्त कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसीपी बारा ने थाना प्रभारी लालापुर अनुभव सिंह एवं पुलिस बल के साथ जुलूस के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने रास्ते में स्थानीय लोगों से संवाद करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई।

मदरसे से शुरू हुआ जुलूस

ईद-ए-मिलादुन्नबी का जुलूस मदरसे से शुरू होकर मुख्य मस्जिद, बाजार और गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जुलूस के दौरान पुलिस ने आगे और पीछे सुरक्षा घेरा बनाए रखा, ताकि यातायात एवं कानून-व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

पुलिस कर्मियों ने जुलूस के पूरे मार्ग पर निगरानी रखी और निर्धारित रूट के अनुसार कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया।

अमन, भाईचारे और इंसानियत का दिया संदेश

इस अवसर पर एसीपी बारा वेदव्यास मिश्रा ने क्षेत्रवासियों को ईद-ए-मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की।

उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से बचने तथा किसी भी प्रकार की अराजकता से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

ड्रोन और पैदल गश्त से हुई निगरानी

थाना प्रभारी अनुभव सिंह ने बताया कि जुलूस के लिए पहले से निर्धारित रूट के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। क्षेत्र के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर पुलिस बल तैनात किया गया। इसके साथ ही ड्रोन निगरानी और पैदल गश्त के माध्यम से भी पूरे क्षेत्र पर नजर रखी गई।

पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से सहयोग बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

शांतिपूर्ण जुलूस बना भाईचारे की मिसाल

जुलूस में मोनू, सुल्तान, नसीम सहित बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। लोग हाथों में झंडे लेकर और नात पढ़ते हुए जुलूस में शामिल रहे। जुलूस के दौरान धार्मिक भावनाओं के साथ अमन, भाईचारे और इंसानियत का संदेश दिया गया।

जुलूस के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और सहयोग की सराहना की। पुलिस प्रशासन ने भी त्योहार के दौरान सहयोग करने वाले नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *