लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित, 20 मार्ग बंद; नाले का पानी झील में पहुंचा और नावों में भरा पानी।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। सामान्य दिनों में वीकेंड पर जहां नैनी झील और मालरोड समेत प्रमुख पर्यटन स्थलों पर दिनभर चहल-पहल नजर आती थी, वहीं रविवार को लगातार बारिश के चलते अधिकांश स्थानों पर सन्नाटा पसरा रहा।
बारिश के कारण नैनीताल और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों, कस्बों एवं गली-मोहल्लों से आने वाला तेज बहाव का पानी नालों के माध्यम से सीधे नैनी झील में पहुंच रहा है। लगातार बारिश से शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति भी बनी हुई है।
20 मार्ग बंद, पहाड़ों से पत्थर आने का खतरा
मूसलाधार बारिश के कारण दो राज्य मार्गों सहित करीब 20 मार्ग बंद बताए जा रहे हैं। इनमें कई ग्रामीण मार्ग भी शामिल हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान सड़क पर पत्थर और मलबा आने से आवागमन प्रभावित हुआ है।
लगातार बारिश के चलते लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन की ओर से भी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है।
वीकेंड पर भी पर्यटन स्थलों पर पसरा सन्नाटा
रविवार का दिन होने के बावजूद नैनीताल के मालरोड, नैनी झील और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में सामान्य दिनों जैसी चहल-पहल नजर नहीं आई। मूसलाधार बारिश के कारण पर्यटकों और स्थानीय लोगों की आवाजाही काफी कम रही।
बारिश के चलते फुटपाथों पर रोजाना दुकान लगाने वाले दुकानदारों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर दुकानदारों को अपना सामान सुरक्षित रखने में कठिनाई हुई।
नैनी झील में नावों में भरा पानी
लगातार बारिश का असर नैनी झील में संचालित नावों पर भी पड़ा है। बारिश का पानी नावों में भर जाने से नाव चालकों और नाव मालिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें नावों से पानी निकालने और उन्हें सुरक्षित रखने के लिए अतिरिक्त प्रयास करने पड़ रहे हैं।
कई घरों में पानी घुसने की सूचना
मूसलाधार बारिश के कारण जिले के विभिन्न क्षेत्रों से कुछ लोगों के घरों में पानी घुसने की सूचनाएं भी सामने आ रही हैं। लगातार बारिश के कारण नदी, नाले, गाड़ और गधेरे तेज बहाव में हैं, जिससे संवेदनशील क्षेत्रों में खतरा बढ़ गया है।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक किसी बड़ी जनहानि या अप्रिय घटना की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
रविवार को राष्ट्रीय अवकाश से मिली राहत
रविवार का दिन होने के कारण अधिकांश विद्यालयों के साथ सरकारी कार्यालयों और अन्य संस्थानों में नियमित गतिविधियां नहीं थीं। इससे लगातार बारिश के बीच स्कूली बच्चों, कर्मचारियों, अधिकारियों और अन्य स्टाफ को घर से बाहर निकलने की आवश्यकता कम रही।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सामान्य कार्यदिवस होता तो लगातार बारिश और मार्ग बंद होने के कारण लोगों को आवागमन में और अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता था।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
प्रशासन की ओर से लोगों से लगातार अपील की जा रही है कि वे नदी, नालों और तेज बहाव वाले स्थानों के किनारे न जाएं। लोगों को आवश्यकता पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने और बेहद जरूरी होने पर ही सुरक्षित यात्रा करने की सलाह दी गई है।
बारिश का दौर समाचार लिखे जाने तक जारी रहा। नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में चारों ओर सन्नाटा और बारिश का असर दिखाई दे रहा है। प्रशासन की ओर से लोगों से सतर्क रहने और मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की अपील की गई है।
यह भी पढ़ें:

नैनीताल, उत्तराखंड
Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:
सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।