उदयपुर में वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन का रिकॉर्ड, 9700 धावक दौड़े


27 राज्यों और 6 देशों के धावकों ने लिया हिस्सा, ‘रन फॉर जीरो हंगर’ और मतदान जागरूकता के संदेश के साथ खेल व पर्यटन को मिला बढ़ावा।

उदयपुर। फतेहसागर झील और अरावली की खूबसूरत वादियों के बीच आयोजित तीसरी वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन ने सहभागिता का नया रिकॉर्ड बनाया। दुनिया की सबसे बड़ी एकीकृत जिंक उत्पादक कंपनियों में शामिल हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड की ओर से आयोजित इस मैराथन में 9700 से अधिक धावकों ने ऑन-ग्राउंड और वर्चुअल माध्यम से भाग लिया।

पिछले संस्करण की तुलना में इस बार करीब 45 प्रतिशत अधिक सहभागिता दर्ज की गई। देश के 27 राज्यों और 6 देशों से पहुंचे धावकों ने 21.097 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर श्रेणियों में दौड़ लगाई। रिकॉर्ड भागीदारी ने उदयपुर को फिटनेस, खेल और सामाजिक सरोकारों के एक बड़े मंच के रूप में स्थापित किया।

फतेहसागर और अरावली की वादियों में दौड़े धावक

‘भारत की सबसे खूबसूरत मैराथन’ के रूप में पहचान बना चुके इस आयोजन में अनुभवी धावकों के साथ पहली बार दौड़ में शामिल प्रतिभागी, वरिष्ठ नागरिक, महिला फिटनेस समूह, कॉर्पोरेट टीमें और दिव्यांग खिलाड़ी भी शामिल हुए।

राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों और उदयपुर के विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। वहीं हिंदुस्तान जिंक की शिक्षा पहल ‘शिक्षा संबल’ से जुड़े विद्यार्थियों के लिए विशेष चैंपियंस रेस आयोजित की गई।

सुबह के समय बड़ी संख्या में उदयपुरवासी सड़क किनारे पहुंचकर धावकों का उत्साह बढ़ाते नजर आए। फतेहसागर झील और अरावली पर्वतमाला के बीच दौड़ का मनमोहक दृश्य प्रतिभागियों और दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहा।

‘रन फॉर जीरो हंगर’ के साथ सामाजिक संदेश

मैराथन को केवल फिटनेस आयोजन तक सीमित नहीं रखा गया। प्रतिभागियों ने ‘रन फॉर जीरो हंगर’ अभियान का समर्थन करते हुए फिटनेस को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का संदेश दिया।

आयोजन के माध्यम से आगामी राजस्थान नगर निकाय चुनावों से पहले नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक भी किया गया। लोगों से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की गई।

सांसद और प्रशासनिक अधिकारियों ने किया शुभारंभ

मैराथन का शुभारंभ उदयपुर सांसद मन्नालाल रावत, आईजीपी उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव, उदयपुर कलेक्टर गौरव अग्रवाल, एसपी उदयपुर डॉ. अमृता दुहान, राजसमंद कलेक्टर अरुण हसीजा, एसपी राजसमंद हेमंत कलाल, वेदांता समूह के ग्लोबल सीईओ अरुण मिश्रा, हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने किया।

इस अवसर पर एनीबडी कैन रन के संस्थापक डॉ. मनोज सोनी भी मौजूद रहे।

9700 से अधिक धावकों की भागीदारी गर्व की बात: अमरेंदु प्रकाश

हिंदुस्तान जिंक के सीईओ अमरेंदु प्रकाश ने रिकॉर्ड सहभागिता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि केवल तीन संस्करणों में मैराथन का इस स्तर तक पहुंचना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में धावकों का उदयपुर पहुंचना आयोजन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन में खेल, उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता और स्थानीय लोगों की सामूहिक ऊर्जा एक मंच पर दिखाई देती है। कंपनी का उद्देश्य इसे देश की प्रमुख मैराथनों में शामिल करने के साथ उदयपुर की जिंक सिटी पहचान को वैश्विक स्तर तक पहुंचाना है।

21.097 किमी में मुकेश कुमार और पूजा विजेता

प्रतियोगिता में धावकों ने विभिन्न श्रेणियों में शानदार प्रदर्शन किया। 21.097 किलोमीटर पुरुष वर्ग में मुकेश कुमार ने 1 घंटा 8 मिनट 47 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। महिला वर्ग में पूजा ने 1 घंटा 26 मिनट 9 सेकंड के समय के साथ जीत दर्ज की।

वहीं 10 किलोमीटर पुरुष वर्ग में तेहेंदर ने 32 मिनट 1 सेकंड में रेस पूरी कर पहला स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में कुमारी पारू ने 36 मिनट 49 सेकंड के समय के साथ जीत हासिल की।

जिंक से बने विशेष फिनिशर मेडल ने बढ़ाई खासियत

मैराथन पूरी करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को हिंदुस्तान जिंक की 99.99 प्रतिशत शुद्ध जिंक से निर्मित विशेष जिंक फिनिशर मेडल प्रदान किया गया।

आयोजकों के अनुसार यह मेडल उपलब्धि और दृढ़ता का प्रतीक होने के साथ उदयपुर की हजारों वर्षों पुरानी जिंक विरासत से प्रतिभागियों का जुड़ाव भी दर्शाता है।

6 देशों के धावकों ने दिया अंतरराष्ट्रीय स्वरूप

मैराथन में जयपुर, अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गुरुग्राम सहित देश के विभिन्न शहरों के रनिंग समुदायों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा अमेरिका, स्वीडन, इटली, जापान, इंडोनेशिया और केन्या से आए प्रतिभागियों ने आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप दिया।

एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेस (AIMS) से प्रमाणित और वैश्विक मैराथन कैलेंडर में सूचीबद्ध इस आयोजन ने अपने तीसरे संस्करण में रिकॉर्ड सहभागिता दर्ज की।

स्पोर्ट्स टूरिज्म को भी मिल रहा बढ़ावा

वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन का बढ़ता दायरा उदयपुर को स्पोर्ट्स टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में भी मददगार माना जा रहा है। देश-विदेश से आने वाले धावकों के साथ उनके परिवार और फिटनेस समूह स्थानीय होटल, पर्यटन और व्यापार गतिविधियों को भी बढ़ावा दे रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार मैराथन उदयपुर की जिंक सिटी के रूप में पहचान और प्राचीन जिंक विरासत का भी उत्सव है। हिंदुस्तान जिंक इस विरासत को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाने के प्रयास कर रहा है।

रिकॉर्ड सहभागिता, मजबूत सामुदायिक जुड़ाव, फिटनेस और सामाजिक उद्देश्य के संदेश के साथ तीसरी वेदांता जिंक सिटी हाफ मैराथन उदयपुर के प्रमुख खेल आयोजनों में अपनी पहचान मजबूत करने में सफल रही।

यह भी पढ़ें:


Aawaz Aapki News WhatsApp चैनल से जुड़ें:

सबसे तेज़ और ताज़ा खबरें सीधे अपने व्हाट्सएप पर पाएं।

WhatsApp अभी जुड़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *